/young-bharat-news/media/media_files/2025/10/11/1760176786972-2025-10-11-15-30-09.jpeg)
रांची, वाईबीएन डेस्क : झारखंड भाजपा प्रदेश कार्यालय में शनिवार को प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्यव्यापी ‘स्वदेशी अभियान’ का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने स्टीकर, पोस्टर, पम्पलेट, नोटपैड और संकल्प पत्र का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में अभियान संयोजक एवं महामंत्री मनोज कुमार सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक और प्रदेश प्रवक्ता अविनेश कुमार सिंह भी उपस्थित थे।
आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी एक-दूसरे के पूरक : मरांडी
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि “आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी अभियान एक-दूसरे के पूरक हैं।” उन्होंने कहा कि हर भारतीय को अपने दैनिक जीवन में स्वदेशी उत्पादों का प्रयोग बढ़ाना चाहिए ताकि भारत को 2047 तक आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि भारत का इतिहास गौरवशाली रहा है। मौर्यकाल में भारत विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था और वैश्विक जीडीपी में उसका योगदान 33 प्रतिशत था। लेकिन औपनिवेशिक काल की लूट ने भारत को आर्थिक रूप से कमजोर कर दिया। मरांडी ने कहा कि गांधी, तिलक और पटेल जैसे नेताओं ने स्वदेशी आंदोलन को स्वतंत्रता संग्राम का हथियार बनाया था। अब इसे जनआंदोलन के रूप में पुनर्जीवित करने की जरूरत है।
मेक इन इंडिया से भारत बन रहा आर्थिक शक्ति केंद्र
मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। उन्होंने बताया कि “मेक इन इंडिया” के तहत अब तक 667 अरब डॉलर का निवेश आया है और देश में बिकने वाले 99.2 प्रतिशत मोबाइल मेड इन इंडिया हैं। मोबाइल निर्यात 1500 करोड़ से बढ़कर 2 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। खिलौनों का निर्यात 239% बढ़ा है, ट्रैक्टर निर्माण में भारत पहले, बस निर्माण में दूसरे और हैवी ट्रक निर्माण में तीसरे स्थान पर है। रक्षा, फार्मा, टेक्सटाइल और अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की आत्मनिर्भरता तेजी से बढ़ रही है।
त्योहारों में स्वदेशी उत्पादों को दें प्राथमिकता
मरांडी ने युवाओं से अपील की कि वे स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में योगदान दें। उन्होंने कहा कि आगामी दीपावली और छठ पूजा के दौरान हर नागरिक भारत निर्मित वस्तुएं खरीदे और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती दे। मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत का विकास अब भारत-केंद्रित सोच पर आधारित है, और हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह स्वदेशी को जीवनशैली का हिस्सा बनाए।