/young-bharat-news/media/media_files/2025/11/17/1763399738035-2025-11-17-22-46-31.jpeg)
रांची, वाईबीएन डेस्क : भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में रविवार को स्वदेशी संकल्प अभियान की प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने की, जबकि संचालन प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने किया। कार्यक्रम में अभियान की प्रदेश टोली, सभी जिलाध्यक्ष, जिला टोली, मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष और विभिन्न प्रकोष्ठों के संयोजक उपस्थित रहे। बैठक में स्वदेशी भावना को जन-जन तक पहुंचाने और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को सशक्त करने पर विस्तृत चर्चा की गई।
अरुण सिंह बोले :स्वदेशी आंदोलन से मजबूत होगा विकसित भारत का संकल्प
बैठक में बतौर मुख्य अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री, सांसद एवं स्वदेशी संकल्प अभियान के राष्ट्रीय संयोजक अरुण सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विकास पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और अगले दो वर्षों में तीसरी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत का संकल्प स्वदेशी अभियान से ही मजबूत होगा। गांव, गरीब, किसान और आम नागरिक आज विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं और देश की जनता आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को गति दे रही है। अरुण सिंह ने जनता के सहयोग से स्वदेशी आंदोलन को और सशक्त बनाने का आह्वान किया।
बाबूलाल मरांडी :स्वदेशी उत्पादों से मजबूत होगा विकसित झारखंड का मार्ग
प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का सपना तभी साकार होगा जब हर नागरिक स्वदेशी उत्पादों को अपनाए। उन्होंने कहा कि झारखंड में स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना विकसित झारखंड के लिए महत्वपूर्ण है। मरांडी ने बताया कि पिछले एक-दो महीनों में त्योहारों के दौरान हुई खरीददारी से स्वदेशी आंदोलन को व्यापक मजबूती मिली है, जो सुखद संकेत है।
संगठन महामंत्री और प्रदेश नेताओं ने दिए जमीनी कार्यों के निर्देश
प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि “हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी” अभियान का मूल मंत्र है। उन्होंने संकल्प पत्र भरवाने, संकल्प सभाएं आयोजित करने, स्वदेशी सेमिनार, स्वदेशी मेला, प्रोफेशनल सम्मेलन, दीवार लेखन और स्टिकर वितरण जैसे कार्यक्रमों को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए। अभियान के राष्ट्रीय सह–संयोजक और प्रदेश महामंत्री सांसद प्रदीप वर्मा ने कहा कि स्वदेशी संकल्प अभियान भारत की आर्थिक आजादी का आंदोलन है, जिसका लक्ष्य विकसित भारत के साथ भारत को दुनिया की नंबर–वन अर्थव्यवस्था बनाना है।
/young-bharat-news/media/agency_attachments/2024/12/20/2024-12-20t064021612z-ybn-logo-young-bharat.jpeg)
Follow Us