/young-bharat-news/media/media_files/2025/09/25/1758776309650-2025-09-25-10-28-50.jpg)
रांची, 25 सितंबर (वाईबीएन डेस्क: राजधानी रांची के हृदयस्थली मुख्य मार्ग के समीप वर्षों से चर्चित चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति, इस वर्ष अपने भव्य दुर्गा उत्सव का आयोजन कर रही है। इस वर्ष पूजा पंडाल का विषय "जीवन एक यात्रा जन्म से मृत्यु" होगा, जो मानव जीवन की अनूठी यात्रा का दिव्य चित्रण प्रस्तुत करेगा।
अनावरण समारोह में मुख्य अतिथि
समिति की ओर से जानकारी दी गई है कि 26 सितंबर, शुक्रवार, शारदीय नवरात्र के शुक्ल पक्ष चतुर्थी तिथि को संध्या 6:00 बजे, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, आजसु सुप्रीमो सुदेश महतो, रांची विधायक सी. पी. सिंह और शहर के अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में पूजा पंडाल का भव्य अनावरण होगा।
सांस्कृतिक संध्या और भजन गायन
नवरात्र की पंचमी तिथि से सप्तमी तिथि (27 से 29 सितंबर) तक सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगी। इस दौरान झारखंड और बाहर से आए कलाकार जैसे सोना सिंह, प्रमोद प्रेमी, जूही पांडे, नेहा निष्ठा, अभिलाषा पाठक, गुड्डू पाठक और आस्था सिंह भजन गायन की प्रस्तुतियां देंगे और उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर देंगे।
पूजा पंडाल की विशेषताएं
पूजा पंडाल के बाहरी भाग में राजस्थान की संस्कृति पर आधारित कलाकृतियां सजी होंगी। मां का दरबार शीश महल के तर्ज पर तैयार किया गया है। निकासी मार्ग पर पुष्कर के मन्नत कुंड की झलक प्रस्तुत होगी, जिसमें सैकड़ों त्रिशूल और मन्नत बंधे धागों का दृश्य शामिल होगा। प्रवेश द्वार पर राजस्थानी कलाकृति से युक्त आकर्षक कलश स्थापित किया जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था
पूजा पंडाल में श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के लिए विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। समिति सभी भक्तों से अनुरोध करती है कि वे श्रद्धा और सुरक्षा का ध्यान रखते हुए इस महापर्व का आनंद लें।