/young-bharat-news/media/media_files/2025/09/24/1758716389422-2025-09-24-17-50-11.jpg)
रांची, वाईबीएन डेस्क : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन एवं विधायक कल्पना सोरेन से मंगलवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में झारखंड (जमशेदपुर) की बेटी एवं प्रसिद्ध बॉलीवुड गायिका शिल्पा राव ने शिष्टाचार भेंट की।
मुख्यमंत्री ने दी बधाई
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शिल्पा राव को 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ महिला पार्श्वगायिका का सम्मान मिलने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि झारखंड की बेटियां लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर राज्य का नाम रोशन कर रही हैं। शिल्पा राव की यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत सफर की पहचान है बल्कि पूरे राज्य के लिए भी गर्व का क्षण है।
राज्य के लिए गौरव
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मान झारखंड की युवा पीढ़ियों को प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा “आपको मिला यह सम्मान राज्य का भी सम्मान है।” सीएम ने उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
शिल्पा राव ने साझा किए अनुभव
मुलाकात के दौरान शिल्पा राव ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपने संगीत जीवन की यात्रा साझा की। उन्होंने बताया कि कैसे उन्होंने गायिकी की शुरुआत की और किस तरह कड़ी मेहनत और लगन से बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाई। नेशनल अवॉर्ड तक पहुंचने की इस यात्रा को उन्होंने मुख्यमंत्री और विधायक कल्पना सोरेन के साथ विस्तार से साझा किया।