/young-bharat-news/media/media_files/2025/11/08/1762615518116-2025-11-08-20-55-38.jpeg)
राँची, वाईबीएन डेस्क : झारखण्ड की धार्मिक नगरी देवघर में 14 से 20 नवम्बर 2025 तक सात दिवसीय शिव महापुराण कथा का भव्य आयोजन होने जा रहा है। यह कार्यक्रम विट्ठलेश सेवा समिति, देवघर द्वारा आयोजित किया जा रहा है। कथा का वाचन देश के प्रसिद्ध शिवकथाकार पूज्य पंडित प्रदीप मिश्रा जी महाराज (सीहोर वाले) अपने श्रीमुख से करेंगे। आयोजन स्थल बाबा वैद्यनाथ मंदिर परिसर स्थित कोठिया दर्दमारा में निर्धारित किया गया है।
बिरसा मुंडा जयंती पर जनजातीय संस्कृति का होगा सम्मान
कथा का दूसरा दिन 15 नवम्बर, भगवान बिरसा मुंडा जी की 150वीं जयंती के रूप में मनाया जाएगा। समिति ने बताया कि इस दिन मंच पर बिरसा मुंडा जी के प्रतीक और जनजातीय संस्कृति के तत्वों को स्थान दिया जाएगा, ताकि झारखण्ड की परंपरा और गौरव को सम्मान मिल सके। पं. प्रदीप मिश्रा जी ने कहा, “देवघर का कंकड़-कंकड़ शंकर है। यहाँ के जनजातीय समुदाय की श्रद्धा शिवभक्ति की मूल आत्मा है।” कथा का उद्देश्य स्थानीय संस्कृति और शिव परंपरा के बीच के संबंध को फिर से उजागर करना है।
भक्तों के लिए विशेष सुविधाएँ और सुरक्षा व्यवस्था
समिति ने श्रद्धालुओं के लिए मुफ्त भंडारा, पेयजल, चिकित्सा सहायता और विशाल पंडाल की व्यवस्था की है। स्थानीय प्रशासन के सहयोग से सुरक्षा और यातायात की समुचित तैयारी की जा रही है। कार्यक्रम में योगऋषि बाबा रामदेव, संतोष दास सतुआ बाबा समेत कई संतों का आगमन संभावित है। समिति के प्रबंधक डॉ. विवेक उपाध्याय ने बताया कि यह कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि “राष्ट्र, संस्कृति और श्रद्धा का संगम” होगी।
झारखण्ड राज्य निर्माण के 25 वर्ष पूरे होने का उत्सव
इस वर्ष झारखण्ड राज्य अपने 25 वर्ष पूर्ण कर रहा है। कथा के माध्यम से राज्य निर्माण के संघर्ष, स्थानीय संस्कृति और धर्म की भूमिका को भी रेखांकित किया जाएगा। समिति ने सभी श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमियों से इस पुण्य आयोजन में सम्मिलित होने का आग्रह किया है।
/young-bharat-news/media/agency_attachments/2024/12/20/2024-12-20t064021612z-ybn-logo-young-bharat.jpeg)
Follow Us