Advertisment

गम्हरिया में रिश्तों का कत्ल: बहन के ससुर ने युवक को चाकू मारकर उतारा मौत के घाट

सरायकेला के गम्हरिया में पारिवारिक विवाद के दौरान बहन के ससुर ने युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। घायल युवक की अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और इलाके में शांति बनाए रखने की अपील की है।

author-image
MANISH JHA
1759645435331

रांची वाईबीएन डेस्क: सरायकेला जिला के गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत आदर्श नगर में 2 अक्टूबर की रात एक पारिवारिक विवाद ने जानलेवा रूप ले लिया। बहन से मिलने आए युवक की उसके बहन के ससुर ने चाकू से वार कर हत्या कर दी। मृतक की पहचान बिहार के नालंदा निवासी फुंटूस कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि फुंटूस अपने भाई के गृह प्रवेश समारोह में शामिल होने के बाद अपनी बहन के घर आदर्श नगर पहुंचा था। वहीं पर किसी पारिवारिक मुद्दे को लेकर विवाद खड़ा हो गया। 

कहासुनी के बाद बढ़ा विवाद, चाकू से हमला

पुलिस के अनुसार, बहन के ससुर दशरथ प्रसाद के साथ कहासुनी इतनी बढ़ गई कि गुस्से में उन्होंने फुंटूस पर चाकू से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल फुंटूस को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल टीएमएच अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

 आरोपी गिरफ्तार, क्षेत्र में तनाव

 घटना की सूचना मिलते ही गम्हरिया पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी दशरथ प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया। एसडीपीओ समीर सवैया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी पारिवारिक विवाद का प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि आगे की जांच में और भी पहलू सामने आ सकते हैं। घटना के बाद आदर्श नगर क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है।

Police Crime murder
Advertisment
Advertisment