Advertisment

गढ़वा में रिश्तों को कलंकित करने वाली वारदात पिता ने बेटी और नवजात को मारकर दफनाया

गढ़वा के मेराल थाना क्षेत्र में एक पिता ने अपनी नाबालिग बेटी और उसके नवजात बेटे की हत्या कर शवों को नदी किनारे दफना दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कब्र से शव बरामद किए। आरोपी ने अपराध स्वीकार किया,

author-image
MANISH JHA
1759835338621

रांची वाईबीएन डेस्क: झारखंड के गढ़वा जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक पिता ने अपनी ही नाबालिग अविवाहित बेटी और उसके नवजात बेटे की बेरहमी से हत्या कर दोनों को मिट्टी के नीचे दफना दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए बाहर निकाला। 

नदी किनारे मिट्टी में दबाए गए दोनों शव

गढ़वा जिले के मेराल थाना क्षेत्र के एक गांव में मानवता को झकझोर देने वाली यह घटना 3 अक्टूबर की है। बताया जाता है कि आरोपी पिता ने अपनी नाबालिग बेटी को बच्चे के जन्म के बाद मौत के घाट उतार दिया। बेटी के साथ उसके नवजात की भी हत्या कर दी गई। इसके बाद उसने दोनों शवों को गांव के पास बहने वाली नदी किनारे गड्ढा खोदकर दफना दिया। सोमवार को मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र की खुदाई कर दोनों शवों को बाहर निकाला।

बेटी के प्रेमी पर लगाया था गंभीर आरोप  

पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी पिता ने कुछ महीने पहले अपनी बेटी के प्रेमी पर बहला-फुसलाकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया था। उसी आधार पर युवक को जेल भेजा गया था। हाल ही में वह जेल से छूटकर बाहर आया था। इस बीच, 2 अक्टूबर को नाबालिग लड़की ने एक बालक को जन्म दिया। लड़की के प्रेमी को जब यह पता चला कि पिता नवजात को नुकसान पहुंचाने की योजना बना रहा है, तो उसने मेराल थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। 

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया जुर्म

थाना प्रभारी विष्णुकांत के नेतृत्व में पुलिस दल ने सोमवार को आरोपी को उसके घर से हिरासत में लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अपराध कबूल करते हुए बताया कि समाज और बदनामी के डर से उसने यह कदम उठाया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव में घटना की खबर फैलते ही लोगों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को कठोर सजा देने की मांग की। पुलिस अब पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।

Advertisment
Crime Police murder
Advertisment
Advertisment