/young-bharat-news/media/media_files/2025/10/19/1760889024417-2025-10-19-21-21-01.jpg)
रांची वाईबीएन डेस्क: दीपावली और छठ जैसे पावन पर्वों से पहले झारखंड सरकार ने महिलाओं को आर्थिक सौगात दी है। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले की हजारों महिलाओं को अक्टूबर माह की सम्मान राशि जारी की गई है। जिला जनसंपर्क कार्यालय की रिपोर्ट के अनुसार, रांची जिले की 3 लाख 88 हजार 406 महिलाओं के खातों में 2,500 रुपये प्रति लाभुक की दर से 97 करोड़ 10 लाख 15 हजार रुपये की राशि आधार आधारित डीबीटी प्रणाली के माध्यम से ट्रांसफर की गई है।
डिजिटल माध्यम से हुआ पारदर्शी भुगतान
अधिकारियों के अनुसार, यह राशि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की अक्टूबर माह की किस्त के रूप में दी गई है। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाना और त्योहारों के समय आत्मनिर्भरता की भावना को बढ़ावा देना है। रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने बताया कि यह योजना महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में एक ठोस कदम है। उन्होंने कहा “दीपावली और छठ के समय यह राशि महिलाओं के घरों में खुशी लेकर आएगी। योजना की पूरी प्रक्रिया डिजिटल है, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है और त्रुटि की कोई संभावना नहीं रही।” डीसी ने बताया कि जिला प्रशासन ने भुगतान को समय पर पूरा करने के लिए विशेष निगरानी रखी। लाभुकों की सूची को अपडेट कर यह सुनिश्चित किया गया कि हर पात्र महिला को राशि उसके खाते में मिले।
रांची जिले के हर प्रखंड की महिलाओं को लाभ
जिले के ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की महिलाओं को इस योजना का लाभ मिला है। अनगड़ा, बेड़ो, बुढ़मू, चान्हो, कांके, नगड़ी, नामकुम, ओरमांझी, सिल्ली, तमाड़, बुंडू, रातू, लापुंग, मांडर और सोनाहातू सहित सभी प्रखंडों में भुगतान किया गया। शहरी क्षेत्रों में अरगोड़ा, बड़गाईं, हेहल, कांके नगर, नगड़ी नगर, नामकुम नगर और सदर क्षेत्र की महिलाओं के खातों में भी राशि भेजी गई। जिला प्रशासन के अनुसार, सबसे अधिक लाभुक कांके, सिल्ली और मांडर प्रखंडों से हैं। प्रशासनिक रिपोर्ट में बताया गया कि 31,828 महिलाओं को कांके, 21,382 को सिल्ली और 23,395 महिलाओं को मांडर क्षेत्र में भुगतान हुआ है।
योजना से मिल रही आर्थिक मजबूती
सरकार का कहना है कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना राज्य की महिलाओं को वित्तीय सहारा देने के साथ-साथ सामाजिक सम्मान भी प्रदान कर रही है। यह राशि महिलाएं अपने परिवार की जरूरतों, त्योहार की तैयारियों और छोटे व्यवसाय शुरू करने में उपयोग कर रही हैं। डीसी कार्यालय की ओर से बताया गया कि लाभुकों का फीडबैक भी लिया जा रहा है। अधिकतर महिलाओं ने कहा कि यह योजना उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर दे रही है। कई लाभुकों ने यह भी बताया कि सरकार की यह पहल दीपावली से पहले “खुशियों का दीप” लेकर आई है।
राज्य सरकार के महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में शुरू की गई यह योजना अब झारखंड के हर जिले की महिलाओं के बीच लोकप्रिय हो चुकी है। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि आने वाले महीनों में इस योजना को और अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाया जाए ताकि कोई भी पात्र महिला इससे वंचित न रहे।