Advertisment

झरिया में बवाल : पूर्व पार्षद और JLKM नेता के बीच टकराव, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

झरिया के भौंरा क्षेत्र में हाइवा से हुई कीचड़बाज़ी को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। पूर्व पार्षद शिव कुमार यादव और JLKM नेता कार्तिक महतो के बीच टकराव के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया। आत्मदाह की कोशिश, सड़क जाम और लाठीचार्ज के कारण माहौल बिगड़ गया।

author-image
MANISH JHA
1761283619617

रांची,धनबाद वाईबीएन डेस्क : झरिया के भौंरा ओपी क्षेत्र के परसियाबाद मोड़ गुरुवार को उस समय रणक्षेत्र में तब्दील हो गया, जब हाइवा मालिक सह पूर्व वार्ड पार्षद शिव कुमार यादव और झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के झरिया प्रखंड अध्यक्ष कार्तिक महतो के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते मौके पर दोनों पक्षों के समर्थक भिड़ गए और स्थिति बेकाबू हो गई। पुलिस को हालात संभालने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा।

हंगामा और सड़क जाम से ठप हुई ट्रांसपोर्टिंग

विवाद के बाद इलाके में तनाव फैल गया। JLKM समर्थक डिस्को महतो ने गुस्से में आत्मदाह करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने समय रहते उसे रोक लिया। घटना से भीड़ का आक्रोश और बढ़ गया और देखते ही देखते भौंरा मुख्य सड़क को जाम कर दिया गया। करीब तीन घंटे तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। इस दौरान कोयला परिवहन पूरी तरह ठप रहा और आमजन को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। इलाके में तनावपूर्ण माहौल के चलते दुकानें और बाजार भी बंद हो गए। झगड़े की वजह कीचड़ और प्रदूषण पर विवाद घायल JLKM नेता कार्तिक महतो ने बताया कि भौंरा इलाके में हाइवा वाहनों से फैलते धूल और कीचड़ की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। गुरुवार को सड़क पर पानी छिड़कने के बाद एक हाइवा के गुजरने से कीचड़ सड़क किनारे खड़े लोगों पर उछल गया। जब उन्होंने चालक से वाहन रोकने को कहा तो चालक ने फोन कर हाइवा मालिक शिव कुमार यादव को जानकारी दी। थोड़ी देर बाद शिव कुमार अपने कुछ साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और लाठी-डंडे से हमला कर दिया। इस दौरान कार्तिक महतो गंभीर रूप से घायल हो गए, उनका दायां हाथ टूट गया और कई जगह चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। 

आरोपों से इंकार, निष्पक्ष जांच की मांग

 दूसरी ओर पूर्व पार्षद शिव कुमार यादव ने अपने ऊपर लगे आरोपों को सिरे से नकार दिया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक द्वेष के कारण उनके खिलाफ झूठा मामला गढ़ा जा रहा है। शिव कुमार ने कहा कि वे कानून पर भरोसा रखते हैं और प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग करते हैं। उन्होंने कहा कि उनके ट्रकों से क्षेत्र में रोजगार चलता है और कुछ लोग उनकी छवि खराब करने में लगे हैं।

पुलिस ने संभाली स्थिति, लाठीचार्ज से तितर-बितर हुई भीड़

घटना की सूचना मिलते ही सिंदरी अनुमंडल के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए भौंरा, कतरास और गिरीडीह पुलिस ने मोर्चा संभाला। भीड़ पर काबू पाने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा। इस दौरान कई लोगों को मामूली चोटें आईं, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं। हालात बिगड़ते देख प्रशासन ने इलाके में अतिरिक्त बल की तैनाती की और लोगों से शांत रहने की अपील की। पुलिस ने बताया कि हमले के आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। 

Advertisment

घायल JLKM नेता का इलाज जारी

 घायल कार्तिक महतो को इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच (धनबाद मेडिकल कॉलेज) में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने बताया कि उनके हाथ में फ्रैक्चर है और अन्य चोटों का उपचार चल रहा है। परिजनों और JLKM कार्यकर्ताओं ने अस्पताल पहुंचकर उनका हाल जाना और हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की। 

क्षेत्र में तनाव, पुलिस की पैनी नजर

 घटना के बाद भौंरा और आसपास के इलाकों में तनाव बरकरार है। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त जवानों की तैनाती की है और रातभर गश्त बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

Police Jharkhand Public Transport
Advertisment
Advertisment