Advertisment

झारखंड में 12 से 28 नवंबर तक चलेगा राज्यव्यापी रक्तदान अभियान

झारखंड में 12 से 28 नवंबर तक राज्यव्यापी रक्तदान अभियान चलाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने सभी जिलों के सिविल सर्जनों से तैयारियों की समीक्षा की। अभियान को जनभागीदारी का रूप देने के लिए मीडिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को भी जोड़ा गया है।

author-image
MANISH JHA
1762858547624

रांची वाईबीएन डेस्क : झारखंड में एक बड़े सामाजिक अभियान की शुरुआत होने जा रही है। राज्य सरकार ने 12 से 28 नवंबर तक राज्यव्यापी रक्तदान अभियान चलाने का फैसला लिया है। इस पहल का उद्देश्य राज्य के अस्पतालों और ब्लड बैंकों में रक्त की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करना है। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने सोमवार को सभी सिविल सर्जनों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि रक्तदान को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। बैठक में विशेष सचिव डॉ. नेहा अरोड़ा, एनएचएम के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा, अपर सचिव विद्यानंद शर्मा पंकज और संयुक्त सचिव ललित मोहन शुक्ल सहित सभी जिलों के सिविल सर्जन मौजूद थे। 

प्रत्येक जिले में रक्तदान शिविर, सोशल मीडिया पर होगी व्यापक जागरूकता

अपर मुख्य सचिव ने सभी जिलों को निर्देश दिया है कि रक्तदान शिविरों की तिथि, स्थान और समय की जानकारी आम जनता तक समय से पहुंचाई जाए। कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, कलेक्टरेट, पुलिस लाइन, अस्पतालों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए मीडिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को सक्रिय रूप से जोड़ा जाए। सभी जिलों को निर्देश है कि झारखंड सरकार के आधिकारिक पेज ‘रक्तदान झारखंड’ पर प्रतिदिन गतिविधियों की जानकारी साझा करें ताकि लोगों को लगातार अपडेट मिलते रहें।

अधिकारी, संस्थान और ब्लड बैंक बनेंगे अभियान के सहभागी

अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि यह सिर्फ सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि जनभागीदारी का उत्सव होना चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों से स्वयं रक्तदान करने और दूसरों को प्रेरित करने की अपील की। साथ ही, निजी ब्लड बैंक, रेडक्रॉस सोसायटी, सामाजिक संगठनों और एनजीओ को भी अभियान से जोड़ा जा रहा है। प्रत्येक जिले में एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा जो रक्तदान शिविरों की व्यवस्था और रिपोर्टिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे। अभियान का लक्ष्य झारखंड में स्वैच्छिक रक्तदान की संस्कृति को बढ़ावा देना है। विभाग को उम्मीद है कि इस बार का आयोजन राज्य में अब तक का सबसे बड़ा रक्तदान अभियान साबित होगा और हजारों लोगों की जान बचाने में मदद करेगा।

Blood donation project Jharkhand
Advertisment
Advertisment