/young-bharat-news/media/media_files/2025/09/21/1758449704222-2025-09-21-15-45-30.jpg)
रांची वाईबीएन डेस्क । झारखंड कांग्रेस ने को संगठन सृजन वर्ष घोषित करते हुए अपने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में रविवार को रांची स्थित ओल्ड विधानसभा परिसर के सभागार में अनुसूचित जाति संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी के. राजू, कांग्रेस विधायक सुरेश बैठा, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय समेत कई दिग्गज नेताओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस सदैव दलितों और कमजोर वर्गों की आवाज बनकर खड़ी रही है। संगोष्ठी में भाजपा सरकार पर दलित विरोधी नीतियों का आरोप लगाया गया और कहा गया कि केंद्र ने दलित समाज के लिए बनी कई कल्याणकारी योजनाओं की राशि घटा दी है या उन्हें बंद कर दिया है।
दलित नेतृत्व को उभारने की ज़रूरत
प्रदेश प्रभारी के. राजू ने कहा कि कांग्रेस चाहती है कि बाबा साहेब के संविधान के अनुसार देश चले और अनुसूचित जाति-जनजाति समाज को उसका पूरा अधिकार मिले। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में पहली बार दो दलित विधायक विधानसभा में हैं और अब पार्टी का लक्ष्य है कि अंदर से भी दलित नेतृत्व मज़बूती से उभरे।
झारखंड में दलितों की स्थिति चिंताजनक
कांग्रेस विधायक सुरेश बैठा ने कहा कि झारखंड में अनुसूचित जाति आयोग निष्क्रिय है, अनुसूचित जाति वित्त निगम का गठन अब तक नहीं हो पाया है और परामर्शदात्री समिति भी केवल नाम मात्र की रह गई है। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में असमानता पर चिंता जताते हुए कहा कि राज्य में जहां 121 आदिवासी छात्रावास हैं, वहीं दलित छात्रों के लिए केवल 23 हॉस्टल हैं। उन्होंने कहा कि जब तक हम खुद आवाज़ बुलंद नहीं करेंगे तब तक बदलाव संभव नहीं है।
संविधान और दलित अधिकारों की रक्षा का संकल्प
पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने कहा कि कांग्रेस शुरू से ही दलित समाज की ताकत रही है और आगे भी यह संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार संविधान को कमजोर करने की साजिश कर रही है, लेकिन कांग्रेस इसे किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देगी। संगोष्ठी के दौरान संविधान की प्रतियां भी वितरित की गईं।
प्रदेशभर से जुटे पदाधिकारी
इस कार्यक्रम में विधायक प्रदीप यादव, राजेश कच्छप, कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष केदार पासवान, प्रवक्ता निरंजन पासवान, सचिव पप्पू पासवान, प्रवक्ता जगदीश साहू और मीडिया विभाग के चेयरमैन सतीश पॉल मुंजनी सहित प्रदेशभर से जुड़े पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।