/young-bharat-news/media/media_files/2025/11/04/1762251086988-2025-11-04-15-42-05.jpg)
रांची, वाईबीएन डेस्क: झारखंड कांग्रेस ने राज्य में लोकतंत्र की रक्षा और मतदाताओं के अधिकार की सुरक्षा के लिए बड़ा अभियान शुरू किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने प्रदेश मुख्यालय में प्रेस वार्ता कर बताया कि पार्टी “मतदाता बचाओ, लोकतंत्र बचाओ” अभियान की शुरुआत करने जा रही है। उन्होंने कहा कि मतदान का अधिकार हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और इसे कोई संस्था या एजेंसी नहीं छीन सकती। उन्होंने कहा कि पार्टी को कई इलाकों से ऐसी शिकायतें मिल रही हैं कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान कुछ पात्र नागरिकों के नाम हटा दिए गए हैं। यह लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला है। कांग्रेस इसका कड़ा विरोध करेगी और जरूरत पड़ी तो सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी।
बूथ स्तर पर निगरानी के लिए कांग्रेस की तैयारी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि पार्टी ने हर विधानसभा क्षेत्र में बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। ये एजेंट मतदाता सूची के पुनरीक्षण और सत्यापन कार्य की निगरानी करेंगे तथा किसी भी गड़बड़ी की सूचना पार्टी मुख्यालय को देंगे। उन्होंने कहा कि बिहार में मतदाता सूची से नाम हटाने जैसी घटनाएँ हुई हैं, और झारखंड में ऐसी स्थिति न बने, इसके लिए कांग्रेस पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि लोकतंत्र की रक्षा का आंदोलन है।
घाटशिला उपचुनाव में महागठबंधन को भरोसा
केशव महतो कमलेश ने घाटशिला उपचुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि महागठबंधन प्रत्याशी सोमेश कुमार सोरेन की जीत सुनिश्चित है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस संगठन बूथ स्तर तक सक्रिय है और सभी जिला व प्रखंड इकाइयाँ अभियान मोड में हैं। गठबंधन के सभी दलों में आपसी तालमेल मजबूत है और एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतर चुके हैं।
कांग्रेस मजबूत होगी तो लोकतंत्र बचेगा" : प्रदीप यादव
इस मौके पर कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि “कांग्रेस की मजबूती ही देश की मजबूती है।” उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस मजबूत होगी तभी देश की एकता, संविधान और धर्मनिरपेक्षता की नींव मजबूत रहेगी। उन्होंने आगे कहा कि वोट का अधिकार केवल मत डालने का नहीं, बल्कि लोकतंत्र को जीवित रखने का माध्यम है। प्रदीप यादव ने कहा कि कांग्रेस उन्हीं शक्तियों के खिलाफ संघर्ष कर रही है जो देश को सांप्रदायिकता और पूंजीवादी हितों के जरिए कमजोर करना चाहती हैं। यूपीए गठबंधन का गठन इसी उद्देश्य से किया गया था ताकि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करने वाली सभी ताकतें एक मंच पर आ सकें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह संघर्ष जनता के अधिकार और देश की अस्मिता की रक्षा के लिए है।
/young-bharat-news/media/agency_attachments/2024/12/20/2024-12-20t064021612z-ybn-logo-young-bharat.jpeg)
 Follow Us