Advertisment

दुर्गापूजा को लेकर झारखंड में हाई अलर्ट, राज्यभर में 4000 अतिरिक्त जवानों की तैनाती

झारखंड में दुर्गापूजा को लेकर राज्यभर में हाई अलर्ट जारी किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए करीब 4000 अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है। हजारीबाग, गिरीडीह, जमशेदपुर, धनबाद और रांची जैसे संवेदनशील जिलों में विशेष चौकसी रहेगी

author-image
MANISH JHA
1758510861160

रांची वाईबीएन डेस्क । दुर्गापूजा को लेकर झारखंड पुलिस ने राज्यभर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पुलिस मुख्यालय की ओर से सभी जिलों को निर्देश जारी किए गए हैं कि त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरी सतर्कता बरती जाए। खासकर उन इलाकों पर विशेष चौकसी रखने का आदेश दिया गया है, जहां पूर्व में सांप्रदायिक घटनाएं हो चुकी हैं। इसके लिए राज्य के विभिन्न जिलों में लगभग 4000 अतिरिक्त जवानों की तैनाती की जा रही है। 

संवेदनशील जिलों पर कड़ी निगरानी

हजारीबाग, गिरीडीह, जमशेदपुर, धनबाद और रांची जैसे संवेदनशील जिलों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इन जिलों में रैप (RAP) के जवानों की भी तैनाती की गई है। आदेश के मुताबिक 26 सितंबर से 5 अक्टूबर तक इन बलों की प्रतिनियुक्ति रहेगी। डीजीपी और आईजी अभियान ने संयुक्त रूप से इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। 

सोशल मीडिया और अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई

त्योहार के दौरान सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने और भड़काऊ पोस्ट डालने वालों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। सभी एसपी को निर्देश दिया गया है कि ऐसे उपद्रवियों पर तुरंत कार्रवाई की जाए। साथ ही लंबित वारंट और कुर्की मामलों के निष्पादन तथा मादक पदार्थों के खिलाफ सघन छापेमारी का भी आदेश दिया गया है। 

ट्रैफिक और सुरक्षा प्रबंधन

पूजा पंडालों तक पहुंचने वाले मार्गों पर सुचारु ट्रैफिक व्यवस्था और रोशनी की समुचित व्यवस्था करने को कहा गया है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षित पार्किंग स्थल बनाने और छिनतई जैसी वारदातों पर रोकथाम के लिए विशेष गश्ती और चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। 

Advertisment

अवैध चंदा वसूली और पशु कारोबार पर रोक

 कई जगहों से पूजा के नाम पर जबरन चंदा वसूली की शिकायतें आती हैं। पुलिस मुख्यालय ने इस पर सख्ती बरतने का आदेश दिया है। साथ ही अवैध वधशालाओं और पशु कारोबार पर भी निगरानी रखते हुए त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया है। त्योहार के दौरान माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रवैया अपनाने का संकेत दिया है। सभी बलों को दंगा-रोधी उपकरणों से लैस कर हर संवेदनशील जगह पर तैनात किया जाएगा।

Jharkhand Police Durga Puja 2025
Advertisment
Advertisment