/young-bharat-news/media/media_files/2025/09/29/1759136883062-2025-09-29-14-38-23.jpg)
रांची, वाईबीएन डेस्क : झारखंड की सियासत में अहम माने जा रहे घाटशिला विधानसभा उपचुनाव की अंतिम मतदाता सूची सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी सह पूर्वी सिंहभूम उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने जारी कर दी।
2.55 लाख से अधिक मतदाता
अंतिम सूची के अनुसार घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में अब 2,55,823 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 1,24,899 पुरुष, 1,30,921 महिला और 3 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। हालिया पुनरीक्षण में 5,253 नए आवेदन मिले, जिनमें से 5,171 को स्वीकृति दी गई, जबकि 715 नाम हटाए गए। इसके बाद मतदाताओं की संख्या में 4,456 की बढ़ोतरी हुई है।
युवा और वरिष्ठ मतदाता
इस बार युवा मतदाताओं का हिस्सा भी बढ़ा है। 18-19 वर्ष आयु वर्ग में 16,178 मतदाता शामिल हुए हैं। वहीं, 85 वर्ष से ऊपर के 629 वरिष्ठ मतदाता और 368 सर्विस वोटर भी सूची में दर्ज हैं। चुनाव के लिए कुल 300 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनकी सुरक्षा व संवेदनशीलता की जांच प्रशासन छह चरणों में कर रहा है।
सियासी मुकाबला
राजनीतिक समीकरण की बात करें तो घाटशिला उपचुनाव में मुकाबला मुख्य रूप से झामुमो और भाजपा के बीच माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार झामुमो से पूर्व शिक्षा मंत्री दिवंगत रामदास सोरेन के परिवार को टिकट मिलना लगभग तय है। दूसरी ओर भाजपा में पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के पुत्र बाबूलाल सोरेन और नेता रमेश हांसदा के बीच टिकट की दावेदारी को लेकर खींचतान जारी है।