Advertisment

भ्रष्टाचार और असफलता का पर्याय बनी भाजपा कर रही है जनता को गुमराह : झामुमो

झारखंड मुक्ति मोर्चा के महासचिव विनोद पांडेय ने भाजपा पर झूठे आरोपों और भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार जनता के विकास और विश्वास के रास्ते पर आगे बढ़ रही है, जबकि भाजपा निराधार आरोपों से अपनी प्रासंगिकता बनाए रखने की कोशिश कर रही है

author-image
MANISH JHA
1762442118422

रांची,वाईबीएन डेस्क : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव विनोद पांडेय ने भाजपा पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा आज “भ्रष्टाचार और असफलता का पर्याय” बन चुकी है और झूठे आरोपों के सहारे जनता को गुमराह करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार ने अपने दूसरे कार्यकाल के एक वर्ष में हर वर्ग के हित में ऐतिहासिक फैसले लिए हैं  चाहे वह स्थानीयता नीति, नियोजन नीति, किसानों की कर्जमाफी, महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 33% आरक्षण या आदिवासी-मूलवासी अधिकारों की रक्षा की बात हो। 

भाजपा के पास जन मुद्दा नहीं, इसलिए चला रही है भ्रम की राजनीति

” विनोद पांडेय ने कहा कि भाजपा सत्ता से बाहर होने के बाद से ही झूठ और दुष्प्रचार के सहारे जनभावनाओं को भटकाने में लगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अपने दिल्ली स्थित आकाओं के इशारे पर लोकप्रिय हेमंत सरकार के खिलाफ लगातार षड्यंत्र रच रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता ने भाजपा के नेताओं को संसद भेजा है, लेकिन कोई भी सांसद केंद्र सरकार द्वारा झारखंड के साथ हो रहे भेदभाव पर आवाज नहीं उठाता। भाजपा द्वारा जेल वीडियो को लेकर लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि वह “सरकार की नीति का हिस्सा नहीं” है, और दोषियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की गई है। भाजपा का यह आरोप कि “जेल में अय्याशी सरकार के संरक्षण में चल रही है”, पूरी तरह राजनीतिक नौटंकी है।

हेमंत सरकार ने जेल सुधार और पारदर्शिता पर उठाए ठोस कदम

झामुमो महासचिव ने कहा कि भाजपा भ्रष्टाचार की बात करे, यह अपने आप में हास्यास्पद है, क्योंकि केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग में भाजपा की कोई बराबरी नहीं कर सकता। उन्होंने बताया कि हेमंत सरकार ने जेल सुधार की दिशा में कई ठोस कदम उठाए हैं और राज्य की जेलों में पारदर्शिता एवं अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए नई मॉनिटरिंग व्यवस्था लागू की जा रही है। विनोद पांडेय ने कहा कि भाजपा को उसकी नीतियों के कारण जनता ने नकार दिया है। हेमंत सरकार जनता के विश्वास और विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रही है, जबकि भाजपा बेबुनियाद आरोपों के सहारे अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता ढूंढ रही है।

JMM Jharkhand bjp
Advertisment
Advertisment