/young-bharat-news/media/media_files/2025/11/15/1763219337932-2025-11-15-20-39-28.jpeg)
रांची वाईबीएन डेस्क : धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और झारखंड राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ पर शुक्रवार को मोरहाबादी मैदान में राज्य स्तरीय समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने संयुक्त रूप से शिरकत की। इस अवसर पर राज्य सरकार ने 8,799 करोड़ रुपये की 1087 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
शिबू सोरेन की विरासत को किया नमन, पूर्वजों के संघर्ष को याद किया
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अपने संबोधन में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की अनुपस्थिति को भावुक शब्दों में याद करते हुए कहा कि राज्य निर्माण में उनका योगदान अमूल्य है। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू, नीलाम्बर-पीताम्बर और टाना भगत के संघर्ष की बदौलत ही आज झारखंड अलग पहचान के साथ खड़ा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी इस देश के प्रथम वासी हैं और उनकी संस्कृति, परंपरा और विरासत को संरक्षित व समृद्ध करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
विकसित गांव से बनेगा विकसित झारखंड” मुख्यमंत्री सोरेन
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत तभी विकसित देश बन सकता है, जब राज्य और गांव विकसित हों। झारखंड प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध है और देश के औद्योगिक विकास में यहां के खनिज संसाधन और श्रमिकों का बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि राज्य तेजी से बदलाव के दौर से गुजर रहा है और शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, खेल सहित कई क्षेत्रों में नए आयाम जोड़े जा रहे हैं। महिलाओं के लिए लागू मुख्यमंत्री मइंया सम्मान योजना को उन्होंने समाज परिवर्तन की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताया।
1087 योजनाओं की सौगात, प्रदर्शनियों और पुस्तिका का लोकार्पण
समारोह में 878 योजनाओं का उद्घाटन और 209 योजनाओं का शिलान्यास किया गया। इसमें स्मार्ट सिटी क्षेत्र में पार्क निर्माण, बस टर्मिनल उन्नयन, नए मेडिकल ब्लॉक, अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, इंजीनियरिंग एवं प्रोफेशनल कॉलेज, जल संसाधन परियोजनाएं, सड़कें और स्वास्थ्य सुविधाओं का विकास प्रमुख रहा। राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और झारखंड के 25 वर्ष के सफर पर आधारित पुस्तिका का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में कई मंत्री, सांसद, विधायक, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
/young-bharat-news/media/agency_attachments/2024/12/20/2024-12-20t064021612z-ybn-logo-young-bharat.jpeg)
Follow Us