/young-bharat-news/media/media_files/2025/09/16/1758001253146-2025-09-16-11-11-13.jpg)
रांची वाईबीएन डेस्क : झारखंड में लगातार हो रही बारिश से रांची समेत कई शहरों में जलजमाव की स्थिति बन गई है। मौसम केंद्र, रांची ने 16 से 18 सितंबर के बीच राज्य के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान गरज के साथ बिजली कड़कने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी गई है।
किन जिलों में अलर्ट
16 सितंबर ऑरेंज अलर्ट: कोडरमा, चतरा, लातेहार, हजारीबाग येलो अलर्ट: गिरिडीह, गढ़वा, लोहरदगा, पलामू, रामगढ़, रांची 17 सितंबर येलो अलर्ट: देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, हजारीबाग, कोडरमा, पलामू, गढ़वा, चतरा 18 सितंबर येलो अलर्ट: कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, पलामू, हजारीबाग
लोगों से अपील
मौसम केंद्र ने लोगों से निचले इलाकों में जाने से बचने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी है। साथ ही वज्रपात के समय खुले स्थानों पर न रुकने और मौसम से जुड़ी जानकारी लगातार लेते रहने को कहा है।
दुमका में सबसे अधिक बारिश
पिछले 24 घंटे में राज्य में सबसे अधिक 152 मिमी बारिश दुमका में दर्ज की गई। इसके अलावा चक्रधरपुर में 134.8 मिमी, चाईबासा में 98.4 मिमी, डालटनगंज में 89 मिमी, मांडर में 89 मिमी और रांची में 40.8 मिमी बारिश हुई है।
सामान्य से 20% अधिक मानसूनी वर्षा
मौसम केंद्र के अनुसार, 01 जून से 15 सितंबर 2025 तक झारखंड में कुल 1100.5 मिमी बारिश हुई है, जबकि सामान्य वर्षापात 920.8 मिमी होता है। यानी इस बार राज्य में अब तक सामान्य से 20% अधिक बारिश हुई है। सिर्फ पाकुड़ जिले को छोड़कर बाकी सभी जिलों में सामान्य या सामान्य से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है।