/young-bharat-news/media/media_files/2025/10/21/21_06_2022-weather_alert_for_bihar__22822344-2025-10-21-23-04-05.webp)
रांची, वाईबीएन डेस्क: झारखंड में अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने 25 और 26 अक्टूबर को राज्य के कई जिलों में बिजली कड़कने के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।
इन जिलों में होगी बारिश
पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, देवघर, दुमका, साहिबगंज, गोड्डा, पाकुड़ और जामताड़ा जैसे जिलों में घने बादल छाने और मेघ गर्जन के साथ बरसात की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, इन इलाकों में बारिश से तापमान में गिरावट होगी और शाम के समय हल्की ठंडक महसूस की जा सकेगी।
राज्य के अन्य हिस्सों में रहेगा शुष्क और सुहावना मौसम
झारखण्ड के अन्य हिस्सों में फिलहाल मौसम शुष्क रहेगा, हालांकि हवाओं की नमी और हल्की ठंड सुबह-शाम के समय महसूस होगी। रांची, खूंटी, गुमला, हजारीबाग और रामगढ़ जैसे मध्यवर्ती जिलों में अगले कुछ दिनों तक आसमान साफ और मौसम सुहावना बने रहने की संभावना है। रांची में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 20 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।
कई जिलों में महसूस होगी शुरुआती ठंड
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 24 अक्टूबर तक राज्य का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। 25 और 26 अक्टूबर को बारिश के बाद तापमान घटकर अधिकतम 28 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री तक पहुंच सकता है। रामगढ़ और आसपास के इलाकों में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे वहां ठंड का शुरुआती असर महसूस होने लगेगा।
तापमान में होगी गिरावट, हवा में बढ़ेगी नमी
कोडरमा और चतरा जैसे जिलों में दिन का तापमान 33-34 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, लेकिन शाम होते-होते हवा में नमी और हल्की ठंड बढ़ेगी। मौसम विभाग का कहना है कि बारिश के बाद झारखंड के कई इलाकों में हवा ताजी और शुष्क हो जाएगी, जिससे मौसम और भी सुहाना लगेगा।
कम दबाव का असर दिखेगा बंगाल की खाड़ी से
विभाग ने बताया कि अगले 48 घंटों में बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्रों में एक नया कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इस सिस्टम का असर 26 अक्टूबर के बाद झारखंड के मौसम पर भी पड़ सकता है, जिससे फिर से बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है।
मौसम विभाग की सलाह सतर्क रहें
फिलहाल न्यूनतम तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री ऊपर चल रहा है, लेकिन आने वाले दिनों में ठंड की शुरुआत धीरे-धीरे होगी। मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि बदलते मौसम के दौरान स्वास्थ्य का ध्यान रखें, अनावश्यक बाहर निकलने से बचें और बारिश के समय सावधानी बरतें।