/young-bharat-news/media/media_files/2025/10/15/1760495779955-2025-10-15-08-06-37.jpg)
रांची वाईबीएन डेस्क : झारखंड से आधिकारिक तौर पर 13 अक्टूबर को मानसून की विदाई हो चुकी है, लेकिन मौसम के तेवर अब भी पूरी तरह बदले नहीं हैं। आसमान में लगातार छा रहे बादल लोगों को यह एहसास दिला रहे हैं कि बारिश का मौसम अभी गया नहीं। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, पश्चिम बंगाल और झारखंड के ऊपरी वायुमंडल में साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है, जो समुद्र तल से लगभग 3.1 से 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर बना हुआ है। इसी कारण राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्के बादल छाए हुए हैं। हालांकि बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन तापमान में गिरावट का अहसास जरूर शुरू हो गया है। इस बीच, राजधानी रांची समेत कई जिलों में सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस की जा रही है। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल ठंड की शुरुआत नहीं मानी जा सकती क्योंकि अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा अंतर नहीं आया है। हवा की दिशा पूर्व से दक्षिण की ओर बनी हुई है और नमी का स्तर अभी भी सामान्य से अधिक है।
आने वाले दिनों में रहेगा शुष्क मौसम
मौसम केंद्र ने बताया कि अगले सात दिनों तक राज्य में मौसम शुष्क रहेगा, हालांकि बीच-बीच में बादल दिख सकते हैं। अधिकतम तापमान में न तो कोई बड़ी बढ़ोतरी होगी और न ही गिरावट। पिछले 24 घंटों में चाईबासा सबसे गर्म रहा, जहां पारा 34°C तक पहुंचा, जबकि लातेहार सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 17.3°C दर्ज हुआ। रांची में अधिकतम तापमान 29.4°C और न्यूनतम 20.2°C रहा, जबकि जमशेदपुर, डाल्टनगंज, बोकारो और धनबाद में तापमान 31°C से 33°C के बीच बना रहा।