/young-bharat-news/media/media_files/2025/09/13/1757764607748-2025-09-13-17-27-06.jpg)
रांची वाईबीएन डेस्क : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पुलिस व्यवस्था को बंधक बनाकर सत्ता का खेल खेल रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि 17 वरिष्ठ डीएसपी के प्रमोशन महीनों से लंबित हैं क्योंकि सरकार ने एक “अवैध नियुक्ति” थोप दी है।
यूपीएससी और केंद्र ने ठुकराया अनुराग गुप्ता का नाम
मरांडी ने कहा कि यूपीएससी ने अनुराग गुप्ता को प्रोन्नति बैठक में शामिल करने से इनकार कर दिया, जिसके चलते बैठक तक रद्द करनी पड़ी। बावजूद इसके, हेमंत सरकार ने उन्हें डीजीपी के पद पर बैठा रखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अनुराग गुप्ता सेवा अवधि पूरी कर चुके हैं, सेवानिवृत्ति की उम्र पार कर चुके हैं और केवल एजी द्वारा निर्गत सशर्त वेतन पर्ची पर काम कर रहे हैं।
भ्रष्टाचार छिपाने का आरोप
मरांडी ने कहा कि हेमंत सरकार ने पूरे सिस्टम को अपने भ्रष्टाचार और माफियाओं की सेवा में झोंक दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो भी सरकार के दबाव में काम कर रहा है और सबूतों को मिटाने में जुटा है। उन्होंने कहा कि डीजीपी का पद अब सरकार के लिए “सुरक्षा कवच” बन गया है ताकि मुख्यमंत्री के काले कारनामे उजागर न हों।