/young-bharat-news/media/media_files/2025/09/25/1758821610284-2025-09-25-23-03-50.jpeg)
रांची वाईबीएन डेस्क: झारखंड में शराब घोटाले को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी द्वारा लगातार दिए जा रहे बयानों पर झामुमो ने तीखा पलटवार किया है। पार्टी ने कहा कि मरांडी जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि उनके पास कोई ठोस सबूत नहीं है।
भाजपा शासित राज्यों पर सवाल
झामुमो प्रवक्ताओं ने कहा कि मरांडी को पहले मध्यप्रदेश, हरियाणा और छत्तीसगढ़ जैसे भाजपा शासित राज्यों में हुए असली शराब घोटालों पर बोलना चाहिए। क्या वहां भी जांच की मांग करेंगे या फिर भाजपा नेताओं की रखवाली ही उनका असली काम है? ऐसा सवाल पार्टी ने उठाया।
एसीबी कार्रवाई और दोहरे मापदंड
सरकार की ओर से स्पष्ट किया गया कि एसीबी की कार्रवाई में किसी आरोपी को बचाया नहीं जा रहा, बल्कि कानून के अनुसार दंडित किया जा रहा है। लेकिन भाजपा सत्ता में रहते हुए आरोपियों को “पवित्र” बताती है और विपक्ष में आने पर उन्हें “घोटालेबाज़” करार देती है।
मरांडी के कार्यकाल पर भी सवाल
झामुमो ने बाबूलाल मरांडी के कार्यकाल को भी कटघरे में खड़ा किया और कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने कितने भ्रष्टाचार मामलों पर कार्रवाई की थी, यह जनता जानती है। झामुमो ने आरोप लगाया कि जनता उन्हें नकार चुकी है और अब वे केवल सुर्खियों में बने रहने के लिए बयानबाज़ी कर रहे हैं।
झामुमो का साफ़ रुख
पार्टी ने दोहराया कि भ्रष्टाचार चाहे किसी ने भी किया हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। “हम भाजपा की तरह जांच एजेंसियों को रिमोट कंट्रोल से नहीं चलाते। मरांडी जी अब जनता से माफी मांगे और भाजपा सरकारों में हो रहे असली शराब घोटालों पर चुप्पी तोड़ें।”