/young-bharat-news/media/media_files/2025/10/06/1759749967734-2025-10-06-16-56-25.jpeg)
रांची कोडरमा, वाईबीएन डेस्क: जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र के पूर्णाडीह में सोमवार की सुबह निर्माणाधीन पानी टंकी के पास घायल अवस्था में एक व्यक्ति मिला, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय अशोक राणा उर्फ कारू राणा (पिता बद्री राणा) के रूप में हुई।
रविवार से लापता थे अशोक राणा
मृतक के भतीजे पवन राणा ने बताया कि उनके चाचा रविवार सुबह 10 बजे घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक नहीं लौटे। परिजनों ने काफी खोजबीन की, पर कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार सुबह जब मृतक के भाई संतोष राणा पानी टंकी की ओर से गुजर रहे थे, तो उन्होंने अशोक राणा को गंभीर रूप से घायल हालत में देखा।
अस्पताल में हुई मौत, हत्या की आशंका
स्थानीय लोगों की मदद से घायल अशोक को एम्बुलेंस से कोडरमा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि मृतक के शरीर पर गहरे जख्म के निशान थे, जिससे साफ जाहिर होता है कि उनकी हत्या की गई है।
सड़क जाम कर जताया आक्रोश
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। परिजनों और ग्रामीणों ने कोडरमा-जमुआ मुख्य मार्ग जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। मृतक के परिवार ने दोषियों की गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और मुआवजा की मांग की। पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर सड़क जाम हटवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गए हैं।