Advertisment

कृष अंसारी का नया वीडियो वायरल, प्रशासन ने लिया संज्ञान

कृष अंसारी का नया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। डीसी रांची ने मामले की जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं। इससे पहले भी कृष विवादों में रह चुके हैं।

author-image
MANISH JHA
1760190459254

रांची वाईबीएन डेस्क  : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के पुत्र कृष अंसारी का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस वीडियो में कृष एक चलती कार के सनरूफ से बाहर निकलकर हाथ हिला रहे हैं। उनके चारों तरफ कई गाड़ियां चल रही हैं और वीडियो फिल्मी स्टाइल में तैयार किया गया है। रांची के डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने वीडियो की जानकारी मिलते ही जिला परिवहन पदाधिकारी को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दे दिए हैं।

 सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं

वीडियो वायरल होते ही लोग अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। सूरज मुर्मू ने लिखा कि “झारखंड में कानून की किताब मंत्री पुत्रों के लिए अलग छपती है।” पंकज ने टिप्पणी की कि “पिता अगर मंत्री हैं तो बेटा रील भी नहीं बना सकता।” वहीं डॉ. पुनीत बंसल ने कहा कि “यही तो खूबसूरती है हमारे भारत देश की।” कुछ लोगों ने कृष के पहले के अस्पताल रील्स का भी जिक्र किया, जिसमें वे मरीजों से बात कर रहे थे और विवाद पैदा हो गया था। कृष के इस नए वीडियो ने कानून के नजरिए को चुनौती दी है। मोटर व्हीकल एक्ट, सेक्शन 184 के अनुसार, ऐसे खतरनाक तरीके से कार चलाने पर 1 से 10 हजार रुपये तक का जुर्माना या छह महीने तक की जेल हो सकती है। 

पहले भी रह चुके हैं विवादों में

 कृष अंसारी इस साल जुलाई में भी विवादों में रह चुके हैं। तब उनका वीडियो अस्पताल में वायरल हुआ था, जिसमें वे अपने मित्रों के साथ मरीजों से बातचीत कर रहे थे। उस समय विवाद बढ़ने पर स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने सफाई दी और अपने पुत्र को लेकर संसदीय कार्यमंत्री राधाकृष्ण किशोर से मिले थे। राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि कृष का वीडियो बनाना नादानी हो सकती है, इसे अधिकार के दुरुपयोग के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि कृष सिविल इंजीनियरिंग के फर्स्ट सेमेस्टर के छात्र हैं और उनके अकादमिक अंक उत्कृष्ट हैं। इस बार वायरल वीडियो के बाद प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियम सभी के लिए समान हैं। डीसी रांची द्वारा जांच और कार्रवाई के निर्देश से यह संदेश गया है कि किसी भी व्यक्ति को कानून के दायरे से बाहर नहीं रखा जाएगा। सोशल मीडिया पर चर्चा अभी भी जारी है और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।

Jharkhand Congress DC viral
Advertisment
Advertisment