/young-bharat-news/media/media_files/2025/11/05/1762355491408-2025-11-05-20-41-46.jpg)
रांची, वाईबीएन डेस्क : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने बुधवार को बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड स्थित ललपनिया में आयोजित तीन दिवसीय लुगूबुरु घांटाबाड़ी धोरोम गाढ़ राजकीय महोत्सव-2025 के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि हिस्सा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अपनी धर्मपत्नी एवं विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन के साथ पुनाय थान में लुगू बाबा की पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह महोत्सव सिर्फ एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को अपनी परंपरा से जोड़ना हर झारखंडवासी का दायित्व है।
पूर्वजों के योगदान को कभी नहीं भूल सकते : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि लुगूबुरु संताल समाज का आस्था केंद्र है। हमारे पूर्वजों ने जो सामाजिक व्यवस्था बनाई, उसका पालन आज भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार अबुआ समाज, संस्कृति, परंपरा और रीति-रिवाजों को संरक्षित एवं समृद्ध बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के प्रति आभार जताते हुए कहा कि हर वर्ष झारखंड समेत देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। इस पवित्र स्थल को अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में सरकार लगातार कार्य कर रही है ताकि आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्था मिले।
पर्यावरण संरक्षण और धार्मिक एकता हमारी पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी समाज सदियों से जल, जंगल और जमीन की रक्षा करता आया है। लेकिन विकास की होड़ में प्रकृति को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने सभी से पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न धर्मों और समुदायों के लोग मिल-जुलकर रहते हैं, यही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। धर्म हमें सामाजिक व्यवस्था को सशक्त करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने बताया कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन की स्मृति में लुगूबुरु में उनकी प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इस अवसर पर उन्होंने टेराकोटा शैली में निर्मित स्मृति शेष शिबू सोरेन की प्रतिमूर्ति महोत्सव आयोजन समिति को सौंपी। इस अवसर पर मंत्री चमरा लिंडा, मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो, विधायक कल्पना सोरेन, विधायक उमाकांत रजक, जिला परिषद अध्यक्ष सुनीता देवी, उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह समेत हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
/young-bharat-news/media/agency_attachments/2024/12/20/2024-12-20t064021612z-ybn-logo-young-bharat.jpeg)
Follow Us