Advertisment

हेमंत सरकार सबकी सुरक्षा और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है, किसी एक धर्म के लिए नहीं : विनोद पांडेय

झामुमो प्रवक्ता विनोद पांडेय ने भाजपा पर झूठ और धार्मिक ध्रुवीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार सबकी सुरक्षा और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है और भाजपा केवल सांप्रदायिकता के सहारे जनता को गुमराह कर रही है

author-image
MANISH JHA
1759766485158

रांची, वाईबीएन डेस्क: झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद पांडेय ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति केवल झूठ, भ्रम और धार्मिक ध्रुवीकरण पर आधारित है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार सबकी सुरक्षा और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है, किसी एक धर्म विशेष के लिए नहीं। 

भाजपा पर झूठ और सांप्रदायिकता फैलाने का आरोप

 भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी द्वारा मुख्यमंत्री और राज्य सरकार पर लगाए गए आरोपों पर झामुमो ने कड़ा पलटवार किया। पांडेय ने कहा कि झारखंड की अस्मिता और सामाजिक ताने-बाने को सबसे ज़्यादा नुकसान भाजपा ने पहुंचाया है, जो हर मुद्दे को धर्म और नफरत के रंग में रंगने की कोशिश करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता को झूठ, भ्रम और सांप्रदायिकता के सहारे गुमराह करने में लगी है, जबकि हेमंत सरकार राज्य की एकता और सौहार्द को मज़बूती दे रही है।

सिमडेगा में चर्च सुरक्षा को बताया कानूनी कदम

सिमडेगा में चर्च की सुरक्षा को लेकर प्रशासनिक बैठक पर प्रतिक्रिया देते हुए पांडेय ने कहा कि यह पूरी तरह से एक कानूनी और शांति व्यवस्था का मामला था, न कि किसी धर्म विशेष के पक्ष में उठाया गया कदम। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के उस बयान का भी उल्लेख किया जिसमें कहा गया था “एकता राज्य के लोगों का सबसे बड़ा हथियार है, जिन्हें न तो विभाजित किया जा सकता है और न ही चुप कराया जा सकता है।” 

धार्मिक सौहार्द की मिसाल पेश कर रही हेमंत सरकार

 झामुमो प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का नेतृत्व धार्मिक सौहार्द, सहनशीलता और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व की मिसाल है। राज्य में सभी धार्मिक स्थल सरना स्थल, मांझी थान, मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा और चर्च  की सुरक्षा प्रशासन द्वारा समान रूप से सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि जब भी कहीं तनाव या विवाद की स्थिति बनी, प्रशासन ने तुरंत हस्तक्षेप कर शांति कायम की है और जनता ने भी भाईचारे की मिसाल पेश की है। भाजपा के पास विकास का नहीं, विभाजन का एजेंडा पांडेय ने कहा कि भाजपा का एकमात्र एजेंडा झूठ, भय और नफरत फैलाकर वोट बटोरना है। उन्होंने सवाल किया “मरांडी जी बताएं, उनके शासनकाल में कितने सरना स्थल या धार्मिक स्थल सुरक्षित थे और कितनी घटनाओं में दोषियों पर कार्रवाई हुई थी?”

Advertisment

झारखंड विविधता में एकता की धरती है

अंत में झामुमो प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा को याद रखना चाहिए कि झारखंड विविधता में एकता की प्रतीक धरती है। यहां लोगों की अस्मिता और अधिकार का सवाल सर्वोपरि है और हेमंत सोरेन सरकार उसी की रक्षा के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा कि जनता ने लगातार दूसरी बार हेमंत सरकार को प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में लाकर भाजपा की विभाजनकारी राजनीति को खारिज कर दिया है।

cm Jharkhand hemant soren Babulal Marandi JMM
Advertisment
Advertisment