/young-bharat-news/media/media_files/2025/11/09/1762661626100-2025-11-09-09-44-05.jpg)
रांची वाईबीएन डेस्क* : राजधानी रांची में अपराधियों ने शनिवार की रात एक बार फिर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया। नगड़ी थाना क्षेत्र के रेलवे क्रॉसिंग के पास बाइक सवार बदमाशों ने एक युवती को गोली मार दी और फरार हो गए। घायल युवती की पहचान नगड़ी निवासी मनीषा तिर्की के रूप में हुई है। गोली पीठ में लगने से वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार मनीषा कटहल मोड़ स्थित एक मेडिकल स्टोर में काम करती थी। रोज की तरह शनिवार को भी वह ड्यूटी खत्म कर अपनी सहेली के साथ स्कूटी से घर लौट रही थी। जैसे ही वह घर के पास पहुंची और स्कूटी से उतरी, पीछे से आए बाइक सवार युवक ने उसे निशाना बनाते हुए गोली दाग दी और फरार हो गया।
परिवार सदमे में, शादी की तैयारी थी चल रही
घटना के बाद मनीषा का परिवार सदमे में है। भाई बबलू तिर्की ने बताया कि हाल ही में उसकी बहन की शादी तय हुई थी और घर में तैयारी चल रही थी। लेकिन उसी बीच यह हादसा हो गया। बबलू ने बताया कि मनीषा को होश नहीं आया है, इसलिए पुलिस उसका बयान दर्ज नहीं कर पाई है। परिजनों को शक है कि हमला किसी पुराने जानकार या व्यक्तिगत रंजिश से जुड़ा हो सकता है।
मनीषा मेहनती और जिम्मेदार स्वभाव की मानी जाती थी। दवा दुकान में काम खत्म कर वह रोज समय पर घर लौटती थी। परिजनों के मुताबिक, वह किसी विवाद में नहीं थी, जिससे पूरे परिवार को यह घटना रहस्यमय लग रही है।
पुलिस जांच में जुटी, हर एंगल से हो रही पड़ताल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाकों में छानबीन शुरू की। रांची ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि अपराधियों की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस प्रेम प्रसंग, आपसी विवाद और लूट के प्रयास जैसे सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।
अधिकारियों ने बताया कि हमलावरों की पहचान जल्द की जाएगी और गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है। इस घटना ने इलाके में दहशत फैला दी है। लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं और देर रात महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त कर रहे हैं।
/young-bharat-news/media/agency_attachments/2024/12/20/2024-12-20t064021612z-ybn-logo-young-bharat.jpeg)
Follow Us