/young-bharat-news/media/media_files/2025/11/10/1762779293484-2025-11-10-18-25-12.jpg)
रांची,वाईबीएन डेस्क : कांग्रेस ने देश में कथित वोट चोरी के खिलाफ बड़ा मुद्दा उठाया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने पूरे सबूतों के साथ जाली मतदाताओं और फर्जी पते की सूची सार्वजनिक कर चुनाव प्रक्रिया में हो रहे भ्रष्टाचार को उजागर किया है।
हरियाणा में 25 लाख फर्जी मतदाता का खुलासा
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि हरियाणा में करीब 2 करोड़ मतदाताओं में से 25 लाख फर्जी मतदाता पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र को “वोट चोरी” के माध्यम से हाईजैक करने का प्रयास कर रही है। राजू ने बताया कि झारखंड में इस मुद्दे पर लोगों को जागरूक करने के लिए कांग्रेस ने हस्ताक्षर अभियान चलाया, जिसमें लगभग 16 लाख नागरिकों ने भाग लिया।
चुनाव सुधार के लिए कांग्रेस की पांच प्रमुख मांगें
कांग्रेस ने भारत निर्वाचन आयोग से पांच ठोस मांगें की हैं 1. मतदाता सूची को फोटो सहित स्पष्ट रूप से सार्वजनिक किया जाए। 2. हटाए गए या जोड़े गए मतदाताओं की सूची समय पर जारी की जाए। 3. मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन चुनाव के काफी पहले किया जाए। 4. आपत्ति दर्ज करने की प्रक्रिया पारदर्शी और सुलभ बनाई जाए। 5.फर्जी मतदाताओं की पहचान कर कार्रवाई की जाए। राजू ने कहा कि आयोग ने वोटर लिस्ट की स्कैनिंग प्रक्रिया बंद कर भाजपा को लाभ पहुंचाने की कोशिश की है। ‘
वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान को मिला जनता का समर्थन
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने बताया कि 15 सितंबर से 15 अक्टूबर तक राष्ट्रीय स्तर पर “वोट चोर गद्दी छोड़” नामक हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा, “अभियान की व्यापकता को देखते हुए इसे 10 दिन बढ़ाया गया। झारखंड में 16 लाख हस्ताक्षर जुटाए गए, जो कई बड़े राज्यों से अधिक हैं।” अभियान के दौरान पर्व-त्योहारों और सांगठनिक व्यस्तताओं के बावजूद जनता का उत्साह देखते बनता था।
वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी
संवाददाता सम्मेलन में सह प्रभारी सीरीबेला प्रसाद, कांग्रेस विधायक दल नेता प्रदीप यादव, उप नेता राजेश कच्छप, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, पूर्व राज्यसभा सांसद प्रदीप कुमार बलमुचु, विधायक ममता देवी, सुरेश बैठा, राकेश सिन्हा, सतीश पॉल मुजनी और सोनाल शांति उपस्थित थे।
/young-bharat-news/media/agency_attachments/2024/12/20/2024-12-20t064021612z-ybn-logo-young-bharat.jpeg)
Follow Us