Advertisment

रांची में 12 नए आयुष्मान आरोग्य केंद्र, मोहल्ला स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार

रांची नगर निगम ने 12 नए आयुष्मान आरोग्य केंद्र बनाने की योजना शुरू की है। इन केंद्रों के माध्यम से नागरिकों को मुफ्त जांच, दवा और प्राथमिक उपचार जैसी सुविधाएं घर के पास उपलब्ध होंगी। प्रत्येक केंद्र में डॉक्टर, नर्स और फार्मासिस्ट तैनात होंगे

author-image
MANISH JHA
1761069781215

रांची वाईबीएन डेस्क: रांची नगर निगम ने राजधानी रांची में 12 नए आयुष्मान आरोग्य केंद्र (स्वास्थ्य उपकेंद्र) बनाने की योजना शुरू कर दी है। इन केंद्रों का उद्देश्य है कि आम नागरिक, विशेषकर गरीब और मध्यम वर्ग के लोग, घर के नजदीक ही प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त कर सकें। इससे मामूली बीमारियों के लिए बड़े अस्पतालों तक जाने की जरूरत कम हो जाएगी और मरीज समय पर इलाज ले सकेंगे। नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, प्रत्येक केंद्र के निर्माण पर लगभग 25 लाख रुपये खर्च होंगे। यह राशि 15वें वित्त आयोग द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी। भवनों का डिज़ाइन ऐसा रखा गया है कि इसमें ओपीडी, डिस्पेंसरी, बैठने की उचित व्यवस्था, पुरुष और महिला के लिए अलग-अलग टॉयलेट जैसी सुविधाएं मौजूद रहें। 

स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार

 वर्तमान में रांची नगर निगम क्षेत्र में 25 आयुष्मान आरोग्य मंदिर पहले से संचालित हैं। इन केंद्रों के माध्यम से अब तक हजारों नागरिकों को मुफ्त जांच, दवा और प्राथमिक उपचार की सुविधा मिल चुकी है। नए 12 केंद्रों के निर्माण के बाद नगर निगम क्षेत्र में कुल 37 आरोग्य केंद्र होंगे। इससे स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा और अधिक व्यापक होगा और अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा पाएंगे। नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने बताया कि इन केंद्रों के माध्यम से लोग सामान्य बीमारियों जैसे बुखार, खांसी-जुकाम, ब्लड प्रेशर, शुगर की जांच, टीकाकरण और मातृत्व देखभाल जैसी सेवाएं प्राप्त कर सकेंगे। इससे बड़े अस्पतालों पर मरीजों का दबाव भी कम होगा और लोगों को त्वरित इलाज मिलेगा। 

स्टाफिंग और डिजिटल सुविधा

निगम ने घनी आबादी वाले और स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित क्षेत्रों को प्राथमिकता दी है। प्रत्येक केंद्र में एक डॉक्टर, नर्स, फार्मासिस्ट और सहायक स्टाफ तैनात किया जाएगा। इससे मरीजों को पूर्ण इलाज और आवश्यक दवा मुहैया होगी। सभी केंद्रों में डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड और ऑनलाइन डेटा प्रबंधन की सुविधा होगी, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी और मरीजों का रिकॉर्ड आसानी से ट्रैक किया जा सकेगा। नगर आयुक्त ने बताया कि यह पहल झारखंड सरकार के स्वस्थ झारखंड, समृद्ध झारखंड अभियान के अनुरूप है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा और आगामी कुछ महीनों में ये सभी 12 केंद्र चालू हो जाएंगे। इससे नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा और शहरवासियों की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित होगी।

HEALTH Jharkhand Municipal council
Advertisment
Advertisment