/young-bharat-news/media/media_files/2025/09/14/1757845538125-2025-09-14-15-55-58.jpg)
रांची वाईबीएन डेस्क : रांची के ऐतिहासिक मोराबादी मैदान में रविवार को आदिवासी समाज के हजारों युवा एकजुट हुए। केंद्रीय सरना समिति अध्यक्ष अजय तिर्की के नेतृत्व में आयोजित इस रैली में युवाओं ने बड़ी संख्या में बाइक लेकर हिस्सा लिया। रैली पूरे शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुज़री। इस दौरान युवाओं ने कुर्मी समाज के प्रस्तावित रेल टोका आंदोलन के खिलाफ नारेबाजी की और आम जनता को इससे होने वाली परेशानी का मुद्दा उठाया।
अजय तिर्की का ऐलान, रेल रोकेंगे तो हवाई जहाज रोकेंगे
रैली को संबोधित करते हुए अजय तिर्की ने कुर्मी समाज के कदम की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि रेल रोकने जैसी कार्रवाई से यात्री और आम लोग प्रभावित होंगे। तिर्की ने चेतावनी भरे लहजे में कहा, “अगर कुर्मी समाज रेल रोकने का काम करेगा, तो हम लोग हवाई जहाज भी रोकेंगे।” उन्होंने साफ किया कि आदिवासी समाज आंदोलन का जवाब देने के लिए तैयार है।
पुलिस प्रशासन सतर्क
इतनी बड़ी रैली को देखते हुए रांची पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। शहर के प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो। अधिकारियों ने कहा कि रेल टोका आंदोलन के दिन भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी। वहीं, स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों ने आशंका जताई कि रेल-रोको से जनजीवन और व्यापार दोनों प्रभावित हो सकते हैं।