Advertisment

छठ पर्व पर रांची में ट्रैफिक प्लान लागू, दो दिनों तक रहेगी सख्त व्यवस्था

छठ महापर्व को ध्यान में रखते हुए रांची पुलिस ने 27 और 28 अक्टूबर को विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है। इन दो दिनों के दौरान भारी और छोटे मालवाहक वाहनों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

author-image
MANISH JHA
1761119572962

रांची, वाईबीएन डेस्क : छठ महापर्व के दौरान राजधानी रांची में सुचारू यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया गया है। 27 और 28 अक्टूबर को रांची पुलिस की ओर से लागू की गई यह व्यवस्था इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर सभी वाहनों पर प्रभावी रहेगी। 

भारी और छोटे वाहनों के प्रवेश पर सख्त रोक

 रांची पुलिस ने बताया कि 27 अक्टूबर की सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक और 28 अक्टूबर की सुबह 2 बजे से दिन 10 बजे तक सभी भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहन केवल रिंग रोड से होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। साथ ही छोटे मालवाहक वाहनों (मिनी ट्रक, टाटा मैजिक आदि) का भी 27 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक संचालन पूरी तरह बंद रहेगा। सामान्य नो-एंट्री का नियम पहले की तरह प्रभावी रहेगा।

ऑटो और ई-रिक्शा के परिचालन पर नियंत्रण

 ट्रैफिक व्यवस्था के तहत 27 अक्टूबर की शाम 3 बजे से रात 8 बजे तक चांदनी चौक से कांके और राम मंदिर मार्ग पर ऑटो और ई-रिक्शा का परिचालन निषिद्ध रहेगा। इस दौरान प्रशासन ने नागरिकों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी है, ताकि शहर में भीड़ और जाम की स्थिति न बने। पुलिस का कहना है कि इस अवधि में आवश्यक सेवाओं को छोड़कर किसी वाहन को प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। 

घाटों के पास पार्किंग और डायवर्जन की विशेष व्यवस्था

छठ पूजा को ध्यान में रखते हुए शहर के मुख्य छठ घाटों के पास अस्थायी पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। श्रद्धालु अपने वाहन इन निर्धारित स्थलों पर पार्क कर घाट तक पैदल जा सकेंगे। ट्रैफिक पुलिस ने यह भी बताया कि भीड़ की स्थिति को देखते हुए कुछ मार्गों को अस्थायी रूप से डायवर्ट किया जा सकता है। रांची पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें और अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित सड़कों पर न जाएं। रांची प्रशासन का दावा है कि छठ पर्व के दौरान ट्रैफिक पर निरंतर निगरानी रखी जाएगी। साथ ही, घाटों के पास पुलिस बल और स्वयंसेवकों की तैनाती रहेगी ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और पर्व शांतिपूर्ण ढंग से छह पूजा संपन्न हो सके।

Advertisment

Police | Traffic

Traffic Police
Advertisment
Advertisment