Advertisment

रांची में बड़ा हादसा: धुर्वा डैम में पुलिस वाहन गिरा, तीन जवानों की मौत

रांची के धुर्वा डैम में शुक्रवार देर रात एक पुलिस वाहन गिरने से तीन पुलिसकर्मियों की दर्दनाक मौत हो गई। वाहन में प्रिंसिपल जिला जज जमशेदपुर के दो बॉडीगार्ड और एक सरकारी ड्राइवर सवार थे।कार के अनियंत्रित होकर डैम में गिरने के बाद 3 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन में तीनों शव और हथियार बरामद किए गए।

author-image
MANISH JHA
1763184291180

रांची वाईबीएन डेस्क : राजधानी में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब पुलिसकर्मियों से भरी एक स्विफ्ट कार धुर्वा डैम में जा गिरी। गाड़ी में सवार तीनों पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई। सभी शव और हथियार डैम से बरामद कर लिए गए हैं। मृतक जमशेदपुर के प्रिंसिपल जिला जज के दो बॉडीगार्ड और सरकारी ड्राइवर थे।

तेज रफ्तार में अनियंत्रित हुई कार, सीधे डैम में समाई

घटना शुक्रवार देर रात की है। जानकारी के अनुसार, बॉडीगार्ड उपेंद्र कुमार सिंह, रोबिन कुजूर और ड्राइवर सतेंद्र सिंह एक आधिकारिक कार्य से धुर्वा स्थित ज्यूडिशल एकेडमी से लौट रहे थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि कार अचानक तेज रफ्तार में आई और कुछ ही सेकंड में अनियंत्रित होकर डैम की ओर बढ़ गई। वाहन इतनी तेजी से पानी में गिरा कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही गाड़ी गहरे पानी में डूब चुकी थी। हटिया डीएसपी प्रमोद कुमार मिश्रा ने पुष्टि की कि दुर्घटना वाहन नियंत्रण खोने के कारण हुई लगती है। प्रारंभिक जांच में किसी बाहरी टक्कर या संदिग्ध गतिविधि के संकेत नहीं मिले हैं।

 घंटों चला रेस्क्यू ऑपरेशन, शव और हथियार बरामद

हादसे की सूचना मिलते ही धुर्वा और नगड़ी थाना की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। लगभग तीन घंटे की मशक्कत के बाद स्विफ्ट कार को डैम से बाहर निकाला गया। कार के भीतर तीनों शव मिले, साथ ही बॉडीगार्ड के दो सर्विस हथियार भी बरामद किए गए। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रात के अंधेरे और पानी की गहराई के कारण रेस्क्यू बेहद चुनौतीपूर्ण था, लेकिन स्थानीय गोताखोरों ने बड़ी भूमिका निभाई।

घटना की जांच शुरू, वाहन की तकनीकी जांच भी होगी

पुलिस ने हादसे की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि वाहन अनियंत्रित कैसे हुआ क्या रफ्तार अधिक थी, सड़क फिसलन भरी थी या वाहन में किसी तकनीकी खराबी की वजह से यह दुर्घटना घटी। डैम से निकाले गए वाहन को फोरेंसिक टीम द्वारा जांच के लिए भेजा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल इस दर्दनाक हादसे से पुलिस विभाग में शोक की लहर है।

Advertisment
Crime Accident news Police accident
Advertisment
Advertisment