Advertisment

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री का समाहरणालय भवन में औचक निरीक्षण

रांची के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने समाहरणालय भवन (ब्लॉक ए एवं ब्लॉक बी) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्यक्षमता और अनुशासन की जांच की गई।

author-image
MANISH JHA
1759572688060

रांची,वाईबीएन डेस्क :  रांची के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने आज समाहरणालय भवन ब्लॉक ए एवं ब्लॉक बी  का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी सदर, अपर समाहर्ता रांची, अपर जिला दंडाधिकारी विधि-व्यवस्था और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। निरीक्षण का उद्देश्य प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, अनुशासन और कार्यकुशलता सुनिश्चित करना था। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न कार्यालयों जैसे जिला आपूर्ति कार्यालय, जिला जन संपर्क कार्यालय, जिला समाज कल्याण विभाग, जिला कोषागार कार्यालय और अन्य विभागों का विस्तार से निरीक्षण किया। उन्होंने कर्मचारियों से सीधे संवाद करते हुए उनके कार्यक्षेत्र और कर्तव्यों की जानकारी ली।

 कर्मचारियों को अनुशासन और निष्ठा का पालन करने की हिदायत

उपायुक्त ने सभी कार्यालयों में कर्मचारियों की उपस्थिति पंजी, बायोमेट्रिक रिकॉर्ड और कार्यस्थल की जांच की। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यालय में समय पर उपस्थित होना और अपने कार्यों को पूरी ईमानदारी के साथ निभाना सभी कर्मचारियों का अनिवार्य कर्तव्य है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जनसेवा में निष्पक्षता और पारदर्शिता बनी रहनी चाहिए और इसके लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें। 

भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस और समाहरणालय परिसर में सुधार

उपायुक्त ने यह स्पष्ट किया कि किसी भी कर्मचारी के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायत प्राप्त होने पर और जांच में आरोप सिद्ध होने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने समाहरणालय परिसर में स्वच्छता, पार्किंग व्यवस्था, पेयजल सुविधा और आगंतुकों के लिए बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नो पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों का चालान भी कराया गया। उपायुक्त ने जिला प्रशासन रांची को उत्कृष्ट बनाने के लिए सभी कर्मचारियों और अधिकारियों से कार्यकुशलता, पारदर्शिता और जनता के प्रति पूर्ण समर्पण की अपेक्षा जताई।

DC Zero Tolerance Policy
Advertisment
Advertisment