/young-bharat-news/media/media_files/2025/10/19/1760898479682-2025-10-19-23-58-31.jpg)
रांची, वाईबीएन डेस्क: रांची में रविवार रात पुलिस और अपराधियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। यह घटना कांके थाना क्षेत्र के सुकुरहुटू इलाके में आईटीबीपी कैंप के पास घटी। पुलिस की गोलीबारी में चौपाटी रेस्टोरेंट के मालिक विजय नाग की हत्या करने वाला मुख्य आरोपी अभिषेक सिंह घायल हो गया है।
हत्याकांड के बाद फरार था अभिषेक सिंह
शनिवार की देर रात चौपाटी रेस्टोरेंट में हुई हत्या ने राजधानी को दहला दिया था। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि इस वारदात को अभिषेक सिंह ने अंजाम दिया था। हत्या के बाद वह मौके से फरार हो गया था। एसएसपी राकेश रंजन ने इस घटना को गंभीर मानते हुए तुरंत एक विशेष टीम बनाई थी। टीम को आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी का जिम्मा सौंपा गया था। तब से पुलिस लगातार कांके और आसपास के इलाकों में छापेमारी कर रही थी।
सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर अपराधी ने की फायरिंग
रविवार रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि अभिषेक सुकुरहुटू स्थित आईटीबीपी कैंप के पास छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही विशेष टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही अभिषेक ने अचानक गोली चलानी शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस मुठभेड़ में अभिषेक के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। घायल अवस्था में पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर इलाज के लिए रिम्स अस्पताल भेज दिया है।
बाकी आरोपियों पर पुलिस का शिकंजा
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस हत्याकांड में और भी लोग शामिल थे। उन सभी की तलाश में छापेमारी तेज कर दी गई है। संभावित ठिकानों पर पुलिस लगातार दबिश दे रही है। एसएसपी ने कहा कि किसी भी कीमत पर आरोपी नहीं बचेंगे और रांची को अपराधमुक्त बनाना पुलिस की प्राथमिकता है। रांची में बढ़ा पुलिस एक्शन, 10 दिन में पांच घायल अपराधी बीते 10 दिनों में रांची पुलिस की अपराधियों से कई बार मुठभेड़ हो चुकी है। इस दौरान कुल पांच अपराधियों को गोली लगी है। पुलिस का कहना है कि अब शहर में अपराध करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।