/young-bharat-news/media/media_files/2025/09/23/1758618868618-2025-09-23-14-44-48.jpg)
रांची, वाईबीएन डेस्क : झारखंड में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। राजधानी रांची समेत कई हिस्सों में मंगलवार सुबह से लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने 23 से 25 सितंबर तक येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान गरज-चमक, वज्रपात और मूसलाधार बारिश की संभावना जताई गई है।
छह जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार रांची, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसांवा, सिमडेगा और गुमला जिले में भारी बारिश होगी। अन्य जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है।
बंगाल की खाड़ी का सिस्टम रहेगा सक्रिय
मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बने दो बड़े सिस्टम 27 सितंबर तक सक्रिय रहेंगे। इसके असर से झारखंड में 28 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है।
तापमान में आएगी गिरावट
लोगों को राहत की खबर भी है। विभाग का अनुमान है कि भारी बारिश के बाद तापमान में 4 से 5 डिग्री तक की गिरावट होगी, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी।
विभाग ने जारी की सावधानी की अपील
मौसम विभाग ने लोगों को पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े न होने, सुरक्षित स्थान पर शरण लेने और खेतों में जाने से बचने की सलाह दी है। किसानों से अपील की गई है कि मौसम सामान्य होने तक अपने कार्य स्थगित रखें।