/young-bharat-news/media/media_files/2025/09/08/1757343932921-2025-09-08-20-35-51.jpg)
रांची वाईबीएन डेस्क । मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय, कांके रोड में रांची शहर के लिए प्रस्तावित तीन नए फ्लाईओवर परियोजनाओं की समीक्षा की। इनमें हरमू (सहजानंद चौक) से एसीबी कार्यालय तक, अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ और करम टोली चौक से साइंस सिटी तक बनने वाले फ्लाईओवर शामिल हैं।
हरमू फ्लाईओवर बनेगा जाम से राहत का साधन
मुख्यमंत्री ने हरमू फ्लाईओवर निर्माण को शहर की महत्वपूर्ण परियोजना बताते हुए कहा कि इसके निर्माण से हरमू बाईपास रोड पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। आम लोगों को आवागमन में आसानी होगी और समय की बचत होगी। उन्होंने निर्देश दिया कि हरमू फ्लाईओवर को रातू रोड फ्लाईओवर से जोड़ा जाए ताकि आमजनमानस को बेहतर सुविधा मिल सके। अधिकारियों ने जानकारी दी कि इस परियोजना का टेंडर पूरा कर लिया गया है।
अरगोड़ा चौक पर गोलचक्कर का प्रस्ताव
अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ तक प्रस्तावित फ्लाईओवर पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि इस चौक पर एक गोलचक्कर (रोटरी) भी बनाया जाए, जिससे कई महत्वपूर्ण सड़कें आपस में जुड़ जाएंगी और यातायात सुगम होगा। साथ ही करम टोली चौक से साइंस सिटी तक 4 लेन एलिवेटेड फ्लाईओवर निर्माण की दिशा में कार्ययोजना को मूर्त रूप देने के लिए डीपीआर तैयार करने का आदेश दिया।
भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर हो निर्माण
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सभी फ्लाईओवर और सड़क निर्माण परियोजनाओं की डिजाइन भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार की जाए। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्यों को पूरी तत्परता और प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाने का निर्देश दिया। बैठक में पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार, अभियंता प्रमुख प्रवीण भेंगरा, मुख्य अभियंता विजय रंजन एवं कंसल्टेंट कंपनी स्पर्श इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड के सुधीर कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।