/young-bharat-news/media/media_files/2025/09/30/1759248996981-2025-09-30-21-47-00.jpg)
रांची वाईबीएन डेस्क : राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र में हुई गर्भवती संगीता कुमारी की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाला कोई और नहीं बल्कि उसका पति रंथू महतो ही निकला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पत्थर और मृतका की चप्पल भी बरामद की गई है।
जुआ खेलने की लत बनी विवाद की वजह
जानकारी के अनुसार 29 सितंबर की सुबह संगीता अपने पति रंथू महतो के साथ टहलने निकली थी। इसी दौरान उसने गर्भावस्था की जांच कराने डॉक्टर के पास चलने की बात कही। लेकिन रंथू ने यह कहते हुए मना कर दिया कि उसके पास पैसे नहीं हैं क्योंकि उसने ऑनलाइन गेमिंग में सारी राशि हार दी। इसके बाद उसने पत्नी पर मायके से पैसा लाने का दबाव बनाया। इसको लेकर दोनों में विवाद और मारपीट हुई। गुस्से में संगीता कुएं की ओर भागी और जान देने की धमकी दी। वहां भी पति-पत्नी में कहासुनी हुई और अचानक रंथू ने पत्थर उठाकर पत्नी के सिर पर वार कर दिया। संगीता कुएं में गिर गई और बचाने की गुहार लगाई, लेकिन आरोपी ने फिर पत्थर से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
ब्यूटी पार्लर से कमाई भी उड़ाता था पति
पुलिस जांच में सामने आया कि संगीता करीब छह माह की गर्भवती थी। पति की जुआ खेलने की आदत से वह परेशान रहती थी। मायके से पैसा लाकर उसने घर में ही एक ब्यूटी पार्लर शुरू किया था, लेकिन उसकी कमाई भी रंथू जुए में उड़ा देता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद रहता था, जो आखिरकार संगीता की मौत का कारण बन गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना के बाद मृतका के पिता कृष्णा महतो की लिखित शिकायत पर रातू थाना में केस (कांड संख्या-332/25) दर्ज किया गया। डीएसपी मुख्यालय-2 के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी रंथू महतो को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।