/young-bharat-news/media/media_files/2025/10/20/1760974837290-2025-10-20-21-11-02.jpg)
रांची वाईबीएन डेस्क: बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान सासाराम सीट से राजद (RJD) उम्मीदवार सत्येंद्र शाह की गिरफ्तारी ने सियासी हलचल मचा दी है। सोमवार को उन्होंने अनुमंडल कार्यालय में नामांकन दाखिल किया, लेकिन जैसे ही वे बाहर निकले, झारखंड पुलिस की टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की यह कार्रवाई झारखंड के गढ़वा जिले में दर्ज एक पुराने डकैती मामले के सिलसिले में की गई है।
नामांकन के तुरंत बाद गिरफ्तारी
घटना की शुरुआत तब हुई जब सत्येंद्र शाह ने सासाराम अनुमंडल कार्यालय पहुंचकर औपचारिक रूप से नामांकन पत्र दाखिल किया। कार्यालय के बाहर पहले से ही सुरक्षा बल की तैनाती देखी जा रही थी, जिससे माहौल में तनाव का संकेत मिल रहा था। जैसे ही शाह बाहर निकले, झारखंड पुलिस की टीम ने बिना किसी देरी के उन्हें हिरासत में ले लिया। मौके पर मौजूद लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं में अफरा-तफरी मच गई।
गढ़वा में लंबित डकैती का मामला
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सत्येंद्र शाह झारखंड के गढ़वा थाना क्षेत्र में दर्ज एक पुराने डकैती मामले में वांछित आरोपी हैं। यह मामला कई वर्षों से लंबित था, और पुलिस को लंबे समय से उनकी तलाश थी। सूत्र बताते हैं कि शाह के नामांकन कार्यक्रम की पूर्व जानकारी झारखंड पुलिस को मिल चुकी थी, जिसके बाद गिरफ्तारी की पूरी रणनीति पहले से तैयार कर ली गई थी।
पुलिस ने सीधे झारखंड टीम को सौंपा
गिरफ्तारी के बाद रोहतास पुलिस ने स्थानीय थाने में औपचारिक प्रक्रिया पूरी करने के बजाय, उन्हें सीधे झारखंड पुलिस की टीम को सौंप दिया। गिरफ्तारी के बाद आरजेडी खेमे में रोष देखा जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि यह कार्रवाई चुनावी साजिश का हिस्सा है और विपक्षी दलों के इशारे पर की गई है। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कार्रवाई पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई है।