रांची,वाईबीएन डेस्क : आज का दिन पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। भारत को एक सूत्र में पिरोने वाले लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर राष्ट्रभर में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में झारखंड पुलिस ने भी “रन फॉर यूनिटी” का आयोजन कर सरदार पटेल को श्रद्धांजलि दी और देशवासियों के बीच एकता का संदेश फैलाया।
रांची पुलिस लाइन में जवानों ने दिखाया जोश और एकता
राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर रांची जिले के न्यू पुलिस लाइन परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर की अगुवाई में पुलिस लाइन के सैकड़ों जवानों, अधिकारियों और अन्य कर्मियों ने भाग लिया। इस दौरान सभी प्रतिभागियों ने एकता की दौड़ लगाई और देश की अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया। जवानों ने हाथों में “एक भारत – श्रेष्ठ भारत” के संदेश वाले बैनर लिए और उत्साहपूर्वक दौड़ में हिस्सा लिया। पुलिस बैंड ने राष्ट्रभक्ति की धुनें बजाईं, जिससे वातावरण देशभक्ति से भर उठा। ‘
एकता का प्रतीक हैं सरदार पटेल’ ' ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने कहा, “31 अक्टूबर हर भारतीय के लिए प्रेरणा का दिन है। सरदार वल्लभभाई पटेल ने जिस साहस और दूरदर्शिता से देश के 562 रियासतों को एक सूत्र में जोड़ा, वह इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। उनकी वजह से आज भारत एक संगठित और सशक्त राष्ट्र के रूप में खड़ा है।” उन्होंने कहा कि रन फॉर यूनिटी का उद्देश्य युवाओं और पुलिसकर्मियों में यह संदेश देना है कि एकता ही भारत की सबसे बड़ी शक्ति है। “हम सब मिलकर उस विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प लें, जिसे सरदार पटेल ने अपने परिश्रम से गढ़ा था।
गुजरात के एकतानगर में होगा राष्ट्रीय आयोजन
इधर गुजरात के एकतानगर में देश का सबसे बड़ा आयोजन हो रहा है, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में शामिल होंगे। इसी के साथ 1 से 15 नवंबर 2025 तक “भारत पर्व 2025” का आयोजन किया जाएगा। भारत पर्व के दौरान देश की संस्कृतिक विविधता, लोककला और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें पूरे देश से कलाकार, विद्यार्थी, पुलिस बल और सामाजिक संगठन हिस्सा लेंगे।
बिरसा मुंडा जयंती पर विशेष कार्यक्रम
भारत पर्व के अंतर्गत 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा जयंती के उपलक्ष्य में विशेष प्रस्तुति रखी जाएगी। इस दौरान जनजातीय संस्कृति, स्वतंत्रता संग्राम में बिरसा मुंडा के योगदान और आदिवासी गौरव को समर्पित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सरदार पटेल और बिरसा मुंडा – दोनों ने अपने-अपने क्षेत्र में एकता, समर्पण और स्वतंत्रता की अलख जगाई थी। यही संदेश भारत पर्व के मंच से पूरे राष्ट्र तक पहुंचेगा।
देशभर में मनाया जा रहा राष्ट्रीय एकता दिवस
देश के हर राज्य, हर जिले में आज एकता दिवस की दौड़, सांस्कृतिक आयोजन और देशभक्ति कार्यक्रम हो रहे हैं। विद्यालयों, महाविद्यालयों और सरकारी संस्थानों में सरदार पटेल के योगदान को याद किया जा रहा है। लोगों ने संकल्प लिया कि वे देश की अखंडता, एकता और भाईचारे की भावना को सदैव जीवित रखेंगे। सरदार पटेल की यह 150वीं जयंती सिर्फ एक स्मृति दिवस नहीं, बल्कि एक प्रेरणा दिवस बनकर उभरी है।
/young-bharat-news/media/agency_attachments/2024/12/20/2024-12-20t064021612z-ybn-logo-young-bharat.jpeg)
Follow Us