/young-bharat-news/media/media_files/2025/09/20/1758363830294-2025-09-20-15-54-09.jpg)
रांची,वाईबीएन डेस्क : झारखंड की राजधानी रांची के चान्हो प्रखंड के पाटुक बाजोटोली गांव में विश्वकर्मा पूजा के दौरान बजाए जा रहे डीजे की तेज आवाज ने दो माह की बच्ची की जान ले ली। मृतका का नाम सोनाक्षी कुमारी बताया गया है।
लगातार तेज डीजे से परिजन परेशान
जानकारी के अनुसार, गांव में 17 सितंबर से विश्वकर्मा पूजा का आयोजन हो रहा था। इस दौरान आयोजकों ने देर रात तक डीजे बजाया। घर के नजदीक होने के कारण बच्ची और परिवार के अन्य सदस्य लगातार परेशान थे। पिता बंधन लोहरा ने कई बार आवाज कम करने की गुहार लगाई, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया।
सुबह पांच बजे मासूम की सांस थमी
पिता के मुताबिक, बच्ची सोनाक्षी पूरी रात बेचैन होकर रोती रही। सुबह करीब पांच बजे उसकी हालत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। आशंका जताई जा रही है कि लगातार तेज आवाज और तनाव के कारण बच्ची को हृदयाघात हुआ।
गांव में आक्रोश, प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग
घटना के बाद पूरे गांव में गहरा दुख और आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण कानून का पालन नहीं किया जाता, जिसकी वजह से इस तरह की घटनाएं घट रही हैं। पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।