/young-bharat-news/media/media_files/2025/09/20/1758365197859-2025-09-20-16-16-58.jpg)
रांची वाईबीएन डेस्क: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से शनिवार को पंजाबी-हिन्दू बिरादरी दशहरा कमेटी, मोरहाबादी और श्री दुर्गा पूजा एवं रावण दहन समिति, अरगोड़ा के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री को आगामी विजयादशमी उत्सव में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया।
मोरहाबादी और अरगोड़ा में होगा रावण दहन
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को सूचित किया कि 2 अक्टूबर को राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान और अरगोड़ा में भव्य रावण दहन का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु और दर्शक शामिल होंगे। समिति ने मुख्यमंत्री को परिवार सहित कार्यक्रम में उपस्थित होने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने कहा विजयादशमी भाईचारे का प्रतीक
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए प्रतिनिधिमंडल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विजयादशमी न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक पर्व है, बल्कि यह सामाजिक एकता, भाईचारे और सामूहिक उत्सव का प्रतीक भी है। ऐसे आयोजन समाज में सौहार्द और सकारात्मक माहौल बनाते हैं। उन्होंने राज्यवासियों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की तथा आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रतिनिधिमंडल में कई पदाधिकारी शामिल
शिष्टाचार मुलाकात के दौरान पंजाबी-हिन्दू बिरादरी दशहरा कमेटी, मोरहाबादी के अध्यक्ष सुधीर उग्गल, पूर्व अध्यक्ष राजेश खन्ना, महासचिव राजेश मेहरा और वरीय उपाध्यक्ष रणदीप आनंद मौजूद रहे। वहीं, श्री दुर्गा पूजा एवं रावण दहन समिति, अरगोड़ा से अध्यक्ष पंकज कुमार साहू, कोषाध्यक्ष नरेंद्र प्रसाद साहू, वरीय उपाध्यक्ष पंचानंद कुमार, कंचन साहू और रवि साहू शामिल थे। इस मुलाकात के बाद राजधानी में होने वाले दशहरा उत्सव को लेकर तैयारियों में और उत्साह बढ़ गया है। लोगों में इस बार मुख्यमंत्री की मौजूदगी को लेकर विशेष उत्सुकता है।