/young-bharat-news/media/media_files/2025/09/23/1758599401528-2025-09-23-09-20-23.jpg)
रांची, वाईबीएन डेस्क : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव विनोद पांडेय ने भाजपा नेताओं बाबूलाल मरांडी समेत अन्य के बयानों पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि विपक्ष राज्य की लोकप्रिय हेमंत सोरेन सरकार को बदनाम करने के लिए झूठ और अफवाहों का सहारा ले रहा है।
भाजपा पर झूठ फैलाने का आरोप
पांडेय ने कहा कि मरांडी “लूट” और “घोटाले” जैसी मनगढ़ंत कहानियां गढ़कर मुख्यमंत्री और पुलिस महकमे की छवि धूमिल करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों का उल्लंघन बताया।
पारदर्शिता और जवाबदेही की मिसाल
पांडेय ने कहा कि राज्य सरकार ने हमेशा पारदर्शिता और जवाबदेही को प्राथमिकता दी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्पष्ट कहा है कि अगर किसी के पास ठोस सबूत हैं, तो उन्हें जांच एजेंसियों को सौंपा जाए, लेकिन भाजपा के पास कोई तथ्य नहीं है।
बच्चों के पोषण पर भाजपा के आरोप बेबुनियाद
बच्चों के पोषण संबंधी भाजपा के आरोपों पर पांडेय ने कहा कि झारखंड में कुपोषण की समस्या भाजपा शासनकाल की देन है। हेमंत सरकार ने ‘पोषण अभियान’, आंगनबाड़ी केंद्रों के आधुनिकीकरण, पोषण आहार बजट बढ़ाने और सेविकाओं का मानदेय नियमित करने जैसे ठोस कदम उठाए हैं।
जनता के उत्थान के लिए काम कर रही सरकार
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आदिवासी, दलित, किसान, महिला और युवाओं के उत्थान के लिए योजनाएं तेजी से लागू कर रही है। भाजपा को स्वीकार करना चाहिए कि झारखंड अब घोटालों से पारदर्शी शासन की ओर बढ़ चुका है।