मुंबई, वाईबीएन नेटवर्क।
रोहित शर्मा का हालिया खराब फॉर्म किसी से छुपा नहीं है। रोहित ने पिछली 15 टेस्ट पारियों में 10.93 की औसत से महज 164 रन बनाए हैं। बुरे फॉर्म से गुजर रहे भारतीय कप्तान ने वापसी के मकसद से ही रणजी ट्रॉफी में खेलने का फैसला लिया है। रोहित मुंबई की तरफ से आज सुबह जब ओपनिंग करने उतरे उनके फैंस को उनसे और उन्हें खुद से बहुत ज्यादा उम्मीद होगी। मगर रोहित न खुद की उम्मीद पर खरा उतर सके, न अपने फैंस की। रोहित अपनी 19 गेंद की पारी में 3 रन ही बना सके। उनके अलावा ऑस्ट्रेलिया में बल्ले से दम दिखाने वाले यशस्वी जायसवाल भी इस मैच में नहीं चल सके।
मुंबई ने चुनी बल्लेबाजी
मुंबई के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया। यशस्वी जायसवाल और रोहित शर्मा ने मुंबई की ओर से पारी की शुरुआत की। मुंबई की शुरुआत बेहद खराब रही। जम्मू-कश्मीर के गेंदबाजों ने उन्हें खूब परेशान किया। जम्मू-कश्मीर के उमर नजीर की गेंदों पर दोनों सलामी बल्लेबाज मजबूर नजर आए। मुंबई का पहला विकेट सिर्फ 6 रन पर गिरा। पहले विकेट के रूप में यशस्वी जायसवाल सिर्फ 4 रन बनाकर चलते बने। यशस्वी के बाद रोहित शर्मा भी 12 के टीम स्कोर पर पवेलियन लौट गए। रोहित 19 गेंद में महज 3 रन बनाकर आउट हो गए।
उमर के सामने संघर्ष करते रहे रोहित
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा करीब 10 साल के बाद गुरुवार यानी 23 जनवरी को जम्मू-कश्मीर के खिलाफ रणजी मैच में उतरे। मगर उनका फॉर्म को लेकर संघर्ष अभी तक बरकरार है। रोहित शर्मा को सबसे ज्यादा परेशान उमर नजीर ने किया। रोहित शर्मा ने उमर की 13 गेंदों का सामना किया। इस आमने-सामने की टकरार में उमर की एक भी गेंद पर रोहित से रन नहीं बने। रोहित ने उमर की 13 गेंद पर 0 रन बनाए और उनकी 13 वीं गेंद पर आउट होकर पवेलियन लौट गए। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज उमर के सामने सिर्फ रोहित नहीं बल्कि मुंबई के सभी खिलाड़ी संघर्ष करते हुए दिखे। उमर पहले सेशन में मुंबई के तीन विकेट चटका चुके हैं। उन्होंने अजिंक्य रहाणे और हार्दिक तमोरे के विकेट भी अपने नाम किए। मुंबई ने पहले सेशन के अंत तक 110 रन के स्कोर पर 7 विकेट गंवा दिए हैं और मुंबई का जम्मू-कश्मीर के खिलाफ संघर्ष जारी है।