/young-bharat-news/media/media_files/2025/08/31/ind-vs-japan-2025-08-31-11-08-44.jpg)
नई दिल्ली, वाईबीएन स्पोर्ट्स।हॉकी एशिया कप में भारत और जापान की टीम रविवार को आमने-सामने होंगी। यह मैच बिहार के राजगीर में दोपहर 3 बजे से खेला जाएगा। टीम इंडिया इस टूर्नामेंट में शानदार लय में नजर आ रही है। 29 अगस्त को खेले गए पूल ए के पहले मैच में भारत ने चीन को 4-3 से हराकर टूर्नामेंट की पहली जीत दर्ज की। हालांकि, टीम का यह प्रदर्शन प्रभावशाली नहीं रहा। भारत की तरफ से सभी गोल पेनल्टी कॉर्नर के जरिए ही आए। वहीं, जापान की बात करें तो टीम ने कजाकिस्तान को 7-0 से हराया था। ऐसे में भारत का जापानी चुनौती का सामना करना आसान नहीं होने वाला है।
जापान के खिलाफ मुकाबले में भारतीय डिफेंस की अग्नि परीक्षा
चीन के खिलाफ बेहतरीन शुरुआत के बाद भारतीय टीम की लय मैच के दौरान बिगड़ गई थी, जिसे अब जापान जैसी तेज और आक्रामक टीम के खिलाफ सुधारने की जरूरत होगी। जापान ने अपने पहले मैच में कजाकिस्तान को 7-0 से हराकर अपनी ताकत का अहसास कराया है, ऐसे में भारतीय डिफेंस को पूरी सतर्कता बरतनी होगी। भारत के चारों गोल चीन के खिलाफ पेनल्टी कॉर्नर से आए थे, जिसमें कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने हैट्रिक जमाई। हालांकि, वे एक पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में तब्दील करने से चूक गए थे। भारत के पास जुगराज सिंह, संजय, अमित रोहिदास और खुद हरमनप्रीत जैसे चार अनुभवी ड्रैगफ्लिकर हैं, लेकिन पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलने की सफलता दर में सुधार की आवश्यकता है। मिडफील्ड ने मैच में प्रभावशाली खेल दिखाया और कई मौके बनाए, लेकिन उन्हें गोल में बदलने में टीम सफल नहीं हो सकी। जापान के खिलाफ भारत को न केवल डिफेंस को मजबूत रखना होगा, बल्कि आक्रमण में भी अधिक सटीकता और फिनिशिंग दिखानी होगी।
विश्व कप 2026 का टिकट किसे मिलेगा?
भारत इस समय अपने घर में आयोजित हो रहे हॉकी एशिया कप 2025 में भाग ले रहा है और टूर्नामेंट की सबसे ऊंची रैंकिंग वाली टीम होने के नाते खिताब का प्रबल दावेदार भी माना जा रहा है। इस प्रतियोगिता का विजेता सीधे विश्व कप 2026 के लिए क्वालिफाई करेगा, जो बेल्जियम और नीदरलैंड में खेला जाएगा। ऐसे में भारत के लिए यह टूर्नामेंट सिर्फ एक खिताब नहीं, बल्कि विश्व कप का टिकट पाने का सुनहरा मौका भी है।
भारत बनाम जापान: कब और कहां देखें मुकाबला?
भारत और जापान के बीच हाई-वोल्टेज हॉकी मुकाबला आज दोपहर 3:00 बजे से खेला जाएगा। दर्शक इस रोमांचक भिड़ंत को Sony TEN 2 और Sony TEN 2 HD टीवी चैनलों पर लाइव देख सकते हैं। इसके अलावा, मैच की लाइव स्ट्रीमिंग SonyLiv ऐप और वेबसाइट पर भी उपलब्ध रहेगी, जिससे दर्शक कहीं से भी इस मुकाबले का आनंद ले सकेंगे।
भारत की हॉकी टीम
कृष्ण बी पाठक (गोलकीपर), सूरज करकेरा (गोलकीपर), सुमित, जरमनप्रीत सिंह, संजय, हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, राजिंदर सिंह, राज कुमार पाल, हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह, विवेक सागर प्रसाद, मनदीप सिंह, शिलानंद लाकड़ा, अभिषेक, सुखजीत सिंह, दिलप्रीत सिंह
जापान की हॉकी टीम
शोटा यामादा, युतो हिगुची, यामातो कावाहारा, सेरेन तनाका, नारू किमुरा, काजुमासा मात्सुमोतो, मनाबू यामाशिता, रायकी फुजीशिमा (कप्तान), केन नागायोशी, युसुके कावामुरा, कोसी कावाबे, ताकाशी योशिकावा (गोलकीपर), किशो कुरोदा (गोलकीपर), कीता वतनबे, रयोसुके शिनोहारा, ह्योटा यामादा
asia cup 2025 | hockey asia cup 2025