/young-bharat-news/media/media_files/2025/08/19/hockey-asia-cup-2025-08-19-13-04-47.jpg)
नई दिल्ली, वाईबीएन स्पोर्ट्स।29 अगस्त से शुरु हो रहे हॉकी एशिया कप से पाकिस्तान आधिकारिक रुप से बाहर हो गया है। पाकिस्तान के अलावा ओमान ने भी अपना नाम वापस ले लिया है। उनकी जगह बांग्लादेश और कजाकिस्तान को मौका दिया गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन ने भारत आने से अधिकृत तौर पर इनकार कर दिया है। ओमान की टीम भी हट गई है। ऐसे में बांग्लादेश और कजाकिस्तान को ड्रॉ में शामिल कर दिया।
सुरक्षा कारणों से नाम लिया वापस
पिछले काफी समय से इस बात की अटकलें लगाई जा रहीं थी कि पाकिस्तान टूर्नामेंट में भाग नहीं लेगा। इससे पहले पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन (PHF) ने सुरक्षा कारणों का हवाला दिया था। हालांकि, भारत सरकार ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों को वीजा दिया था।
एशिया कप की चैंपियन टीम को वर्ल्ड कप में एंट्री
पाकिस्तान के एशिया कप से बाहर होने के साथ ही उसके पास हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में जगह बनाने का एक बड़ा मौका हाथ से निकल गया। दरअसल, एशिया कप जीतने वाली टीम को सीधे वर्ल्ड कप में खेलने का अवसर मिलता है। अगला हॉकी वर्ल्ड कप बेल्जियम और नीदरलैंड में आयोजित होगा।
भारत तीन बार बना विजेता
हॉकी एशिया कप की शुरुआत 1982 में पाकिस्तान के कराची में हुई थी और तब से यह टूर्नामेंट एशियाई हॉकी का सबसे प्रतिष्ठित आयोजन बना हुआ है। सबसे सफल टीम दक्षिण कोरिया रही है, जिसने अब तक पांच बार खिताब जीता है। भारत और पाकिस्तान ने तीन-तीन बार चैंपियनशिप अपने नाम की है। भारत आठ बार फाइनल में पहुंचा, लेकिन पांच बार उपविजेता रहा, जो उसकी लगातार प्रदर्शन क्षमता और संघर्ष को दर्शाता है।
पटना में होगा एशिया कप के मैच
पुरुष हॉकी एशिया कप का आयोजन पटना के राजगीर में किया जाएगा। इसके लिए तैयारियां पूरी हो चुकी है। बिहार प्रशासन ने इस आयोजन की व्यवस्था को देखने के लिए 10 अधिकारियों की नियुक्ति की है।
hockey asia cup 2025