रिलायंस समूह के डायरेक्टर अनंत अंबानी ने अपने जन्मदिन के अवसर पर मुंबई के प्रसिद्ध श्री सिद्धि विनायक मंदिर में दर्शन करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भगवान श्री सिद्धि विनायक का आशीर्वाद लिया। उनके साथ उनके पिता मुकेश अंबानी भी थे जो भक्ति में पूरी तरह से लीन नजर आए। इस विशेष अवसर पर मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी ने अनंत अंबानी को पुष्पगुच्छ भेंट कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मंदिर के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
जामनगर से द्वारकाधीश मंदिर तक की पैदल यात्रा
ज्ञात हो कि अनंत अंबानी ने हाल ही में 170 किमी की आध्यात्मिक पदयात्रा पूरी की थी, जो उन्होंने 28 मार्च को जामनगर के मोती खावड़ी से शुरू की थी। यह यात्रा रविवार को रामनवमी के दिन द्वारकाधीश मंदिर पर जाकर समाप्त हुईं। अनंत अंबानी ने इस यात्रा के दौरान भगवान के भजन और गीत गाए और कई मंदिरों में दर्शन भी किए। इस यात्रा में उनके साथ उनकी पत्नी राधिका मर्चेंट और मां नीता अंबानी भी शामिल थीं। अनंत अंबानी ने अपनी यात्रा के बारे में कहा कि यह उनकी खुद की धार्मिक यात्रा थी, जिसे उन्होंने भगवान का नाम लेकर शुरू किया और भगवान के नाम से ही इसे पूरा किया। उन्होंने भगवान से यह प्रार्थना की कि वह सभी को सुखी रखें और पूरी दुनिया पर कृपा बनाए रखें।
नीता अंबानी ने भगवान का धन्यवाद किया
पदयात्रा पूरी करने के बाद अनंत अंबानी उनकी मां नीता अंबानी और पत्नी राधिका मर्चेंट द्वारकाधीश मंदिर में भगवान द्वारकाधीश के दर्शन करने के बाद मंदिर से बाहर आए। इस दौरान नीता अंबानी ने भावुक होकर कहा कि आज मेरा दिल गौरव से भर गया है। अनंत ने इस पवित्र पदयात्रा को जामनगर से द्वारकाधीश तक रामनवमी के दिन पूरा किया है। एक मां का दिल अपने बेटे के इस अद्भुत कार्य से आनंदित है।उन्होंने आगे कहा कि जो युवा अनंत के साथ आए हैं, वे हमारी संस्कृति, धरोहर और परंपराओं को आगे बढ़ा रहे हैं। मुझे गर्व है कि इतनी कम उम्र में अनंत ने भगवान के आशीर्वाद के लिए यह यात्रा पूरी की। मुकेश और मेरी तरफ से हम सबको आशीर्वाद देते हैं। भगवान का शुक्रिया जिन्होंने अनंत को इतनी शक्ति दी। जय श्री कृष्ण, जय द्वारकाधीश।