/young-bharat-news/media/media_files/2025/04/21/wAtOiIjjE99qnSGDVAts.jpg)
पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अनुराग ठाकुर (Anurag Thakur) ने रविवार को पटना पहुंचते ही बिहार की सियासत में गर्मी ला दी। पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए ठाकुर ने कांग्रेस और राजद पर जमकर निशाना साधा। उनके तीखे बयानों ने साफ कर दिया कि भाजपा चुनावी मोड में पूरी तरह से उतर चुकी है और विपक्ष पर आक्रामक रुख अपनाए हुए है।
कांग्रेस पर हमला करते हुए ठाकुर ने कहा कि “बिहार में कांग्रेस का क्या है? न नेता है, न नीति और न ही साफ नीयत। कांग्रेस के पास अब कुछ भी नहीं बचा है, सिर्फ जंगलराज की यादें।” उन्होंने दावा किया कि अगर कांग्रेस की बिहार में वापसी हुई, तो फिर से अराजकता का दौर लौट आएगा। एनडीए सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए ठाकुर ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर बिहार में बुनियादी ढांचे को बेहतर बना रहे हैं। सड़कें, रेलवे, हाईवे—हर क्षेत्र में प्रगति हुई है। पीएम मोदी की अगुवाई में बिहार को मखाना जैसे स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही बिहार का दौरा करेंगे और हजारों करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास करेंगे, जिससे यह साफ होता है कि केंद्र सरकार बिहार के विकास को लेकर कितनी गंभीर है। भीमराव अंबेडकर के मुद्दे पर ठाकुर ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अंबेडकर को हमेशा दबाने का काम किया और अब दिखावे के लिए उनके नाम पर राजनीति करती है। उन्होंने NCERT की किताबों का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासन में अंबेडकर को अपमानित किया गया। ठाकुर ने कांग्रेस से दलित और महादलित समुदाय से माफी मांगने की मांग की।
राहुल गांधी पर बरसे Anurag Thakur
राहुल गांधी पर तंज कसते हुए अनुराग ठाकुर बोले कि कांग्रेस के युवराज विदेशों में जाकर भारत और उसकी संस्थाओं को बदनाम करते हैं। कभी EVM पर सवाल उठाते हैं, कभी चुनाव आयोग को कठघरे में खड़ा करते हैं। कांग्रेस में अब लोकतंत्र नहीं, सिर्फ एक परिवार का वर्चस्व रह गया है। तेजस्वी यादव के मुख्यमंत्री बनने के दावे पर भी ठाकुर ने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि तेजस्वी खुद को सीएम मानते हैं लेकिन क्या उनके गठबंधन ने उन्हें नेता चुना है? गठबंधन बिखरा हुआ है और विचारधारा में गंभीर विरोधाभास है।
पटना में अनुराग ठाकुर की यह राजनीतिक मौजूदगी भाजपा के मिशन बिहार 2025 की शुरुआत मानी जा रही है। उनके बयानों से साफ है कि पार्टी अब खुलकर कांग्रेस और राजद पर हमलावर होने जा रही है, और बिहार की सियासत में बयानबाजी का पारा और चढ़ने वाला है।