/young-bharat-news/media/media_files/2025/07/25/tejashwi-yadav-vijay-kumar-sinha-2025-07-25-14-38-16.jpg)
पटना , वाईबीएन डेस्क ।बिहार विधानसभा के मानसून सत्र में राजनीतिक गरमागरमी देखने को मिली जहां उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी के विवादित बयानों पर करारा जवाब दिया। विजय कुमार सिन्हा ने तेजस्वी यादव की सुरक्षा को लेकर दिए गए बयान से लेकर सत्ताधारी दल के विधायकों को 'नाली का कीड़ा' कहने तक के आरोपों का जवाब दिया।
तेजस्वी को सुरक्षा चाहिए तो आधिकारिक तौर पर मांगें- विजय सिन्हा
विजय सिन्हा ने राबड़ी देवी के उस दावे को खारिज कर दिया जिसमें उन्होंने कहा था कि तेजस्वी यादव की हत्या की साजिश रची जा रही है। विजय कुमार सिन्हा ने स्पष्ट किया कि अगर तेजस्वी यादव को वास्तव में सुरक्षा की आवश्यकता है, तो सरकार उन्हें अतिरिक्त सुरक्षा देने के लिए तैयार है। लेकिन उन्हें आधिकारिक तौर पर बताना चाहिए कि उन्हें किस स्तर की सुरक्षा चाहिए।
"राबड़ी देवी की भाषा उनके शासनकाल की याद दिलाती है"
राबड़ी देवी द्वारा जदयू नेताओं को 'नाली का कीड़ा' और सम्राट चौधरी को 'गुंडा' कहने पर सिन्हा ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राबड़ी देवी से हम शालीन भाषा की उम्मीद नहीं कर सकते। यह भाषा उनके अपने शासनकाल के 'गुंडाराज' और 'जंगलराज' को ही दर्शाती है। उन्होंने आगे कहा कि ऐसे बयानों से राजनीतिक संस्कृति को नुकसान पहुंचता है।
मतदाता सूची विवाद पर सिन्हा का स्टैंड
जदयू सांसद गिरधारी यादव द्वारा मतदाता सूची पुनरीक्षण पर उठाए गए सवालों पर भी सिन्हा ने स्पष्ट किया। उन्होंने बताया कि पार्टी ने गिरधारी यादव से जवाब मांगा है और वे जवाब देंगे। हमें यह समझना चाहिए कि संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने से पहले हमें अपने पद की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए।