/young-bharat-news/media/media_files/2025/11/18/nitish-kumar-cm-bjp-meeting-2025-11-18-12-03-08.jpg)
बिहार की राजनीति एक बार फिर तेज मोड़ पर है। मंगलवार को होने वाली बीजेपी विधायक दल की बैठक को अचानक रद्द कर दिया गया है। नई बैठक अब बुधवार सुबह दस बजे आयोजित की जाएगी और इसी दिन एनडीए के सभी सहयोगी दल संयुक्त बैठक में अपना नेता तय करेंगे। इस बीच मंगलवार शाम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे की तैयारी की खबरों ने राज्य की सियासत में गहमागहमी और बढ़ा दी है।
इससे पहले सोमवार देर रात जदयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह और संजय झा बिना किसी औपचारिक सूचना के चार्टर्ड प्लेन से दिल्ली रवाना हो गए। दोनो नेताओं के दिल्ली जाने पर मीडिया ने सवाल किए लेकिन दोनों चुपचाप विमानतल से निकल गए। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि गठबंधन की नई सरकार बनने के पहले कुछ पेचीदगियां सामने आई हैं, जिनके समाधान के लिए भाजपा नेतृत्व ने दोनों नेताओं को तुरंत बुलाया।
एनडीए विधायक दल की बैठक 19 नवंबर को तय है। इसी बैठक में गठबंधन का नेता चुना जाएगा और फिर सरकार गठन की औपचारिक प्रक्रिया शुरू होगी। ऐसे समय जब राजनीतिक घटनाक्रम तेजी से बदल रहा है, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे को लेकर दिनभर तरह-तरह की चर्चा रही। पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि कैबिनेट का इस्तीफा हुआ या नहीं, यह स्पष्ट जानकारी उन्हें नहीं है और वह स्थिति पर आगे अपनी प्रतिक्रिया देंगे।
इस बीच बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने पुष्टि की कि विधायक दल की बैठक के बाद एनडीए विधायकों की बैठक होगी और 20 नवंबर को गांधी मैदान में बड़े स्तर पर शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। भाजपा की ओर से दावा किया गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। पार्टी ने आम मतदाताओं को भी आमंत्रित करने की योजना बनाई है और अनुमान है कि दो से तीन लाख लोग वहां जुट सकते हैं।
जनादेश के बाद भाजपा पहली बार बिहार में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। बुधवार को भाजपा विधायक दल अपना नेता चुनेगा। इसके लिए पार्टी मुख्यालय के अटल सभागार में बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में 89 नव निर्वाचित विधायक और 21 विधान पार्षद शामिल होंगे। बदलती परिस्थितियों और राजनीतिक उतार-चढ़ाव के बीच राज्य की सत्ता किस ओर जाएगी, इसका अंतिम जवाब आने वाले 24 घंटे में साफ हो जाएगा।
Bihar news | Bihar news 2025 | Bihar News Hindi | bihar newslive | bihar news live aaj ka | bihar news live hindi | bihar news live today | bihar news nitish kumar | CM Nitish | Bihar CM Nitish Kumar | cm nitish kumar | CM Nitish Kumar latest | CM Nitish Kumar news | CM Nitish Kumar Today
/young-bharat-news/media/agency_attachments/2024/12/20/2024-12-20t064021612z-ybn-logo-young-bharat.jpeg)
Follow Us