/young-bharat-news/media/media_files/2025/09/26/priyanka-gandhi-amit-shah-bihar-election-2025-2025-09-26-07-54-06.png)
बिहार की राजनीति इस समय अपने चरम पर है। नवरात्रि और त्योहारी मौसम के बीच चुनावी माहौल पूरी तरह से बन चुका है। सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों ही मोर्चे पर पूरी ताकत झोंक चुके हैं। शुक्रवार को जहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अपने दो दिवसीय बिहार दौरे की शुरुआत करेंगे, वहीं कांग्रेस की प्रियंका गांधी भी राज्य में चुनावी बिगुल फूंकने आ रही हैं।
अमित शाह का दौरा खासा अहम माना जा रहा है। भाजपा ने राज्य में बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने की रणनीति बनाई है और शाह उसी मिशन को मजबूत करने के लिए लगातार बिहार आ रहे हैं। आठ दिनों में यह उनका दूसरा दौरा है। शाह शुक्रवार को बेतिया और पटना में बैठकों में शामिल होंगे, जबकि शनिवार को समस्तीपुर और अररिया के कार्यकर्ता सम्मेलनों को संबोधित करेंगे। बताया जा रहा है कि इन बैठकों में उम्मीदवार चयन से लेकर एनडीए की चुनावी रणनीति तक पर गंभीर चर्चा होगी।
इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी बिहार को साधने में पीछे नहीं हैं। वे महिला रोजगार योजना के तहत 75 लाख महिलाओं को 10-10 हजार रुपए की पहली किस्त जारी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी इस कार्यक्रम से जुड़ेंगे और साथ ही अलग-अलग जिलों में जाकर विकास योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास कर रहे हैं। इससे साफ है कि एनडीए चुनाव से पहले महिलाओं और विकास दोनों मुद्दों पर अपनी पकड़ मजबूत करना चाहता है।
उधर कांग्रेस भी अपने पत्ते खोल रही है। पटना में हुई वर्किंग कमेटी की बैठक के बाद पार्टी ने अतिपिछड़े वर्ग और महिलाओं पर फोकस बढ़ा दिया है। राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के बाद अब प्रियंका गांधी चुनावी मंच पर उतर रही हैं। शुक्रवार को वे मोतिहारी में चुनावी रैली को संबोधित करेंगी और पटना में महिलाओं से संवाद करेंगी। इस कार्यक्रम के लिए वही मैदान चुना गया है जहां हाल ही में सीडब्ल्यूसी की बैठक हुई थी। कांग्रेस का लक्ष्य है कि महागठबंधन के पक्ष में महिला वोट और पिछड़े वर्ग का बड़ा हिस्सा जोड़ा जा सके।
बिहार की सियासत में इस समय दोनों गठबंधन एक-दूसरे को पछाड़ने के लिए लगातार पसीना बहा रहे हैं। भाजपा ने चुनाव की कमान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को दी है, जिनकी रणनीतिक पकड़ पहले भी पार्टी के लिए कारगर साबित हुई है। वहीं नीतीश कुमार विकास योजनाओं के जरिए चुनावी जमीन मजबूत करने में जुटे हैं। कांग्रेस प्रियंका गांधी की आक्रामक शैली और राहुल गांधी की जनसंपर्क यात्राओं के सहारे माहौल बनाने की कोशिश कर रही है।
बिहार में अमित शाह | priyanka Gandhi | Priyanka Gandhi news today | Priyanka Gandhi speech | Priyanka Gandhi vs Amit Shah