/young-bharat-news/media/media_files/2025/09/14/nda-bihar-election-2025-09-14-14-41-35.jpg)
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी चरम पर है। एनडीए ने अपने मिशन 2025 के तहत अब पांचवें चरण की तैयारियों का ऐलान किया है। 18 सितंबर से शुरू होने वाले इस चरण में एनडीए 55 विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित करेगा। यह सम्मेलन 19, 20, 21 और 23 सितंबर तक चलेगा, जिसमें गठबंधन के तमाम बड़े नेता अपने कार्यकर्ताओं में जोश भरते नजर आएंगे।
पटना स्थित जदयू कार्यालय में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में जदयू अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने बताया कि एनडीए अब तक चार चरणों में 141 विधानसभा क्षेत्रों को कवर कर चुका है और पांचवें चरण तक यह संख्या 154 तक पहुंच जाएगी। नेताओं का दावा है कि इस बार का माहौल पूरी तरह एनडीए के पक्ष में है और गठबंधन सभी 243 सीटों पर जीत हासिल कर सकता है।
उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि “बिहार में जो माहौल है, उसमें एनडीए को ऐतिहासिक जीत मिलेगी।” वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने महिला सशक्तीकरण को एनडीए की सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुए सामाजिक सुधारों के कारण आज एनडीए के कार्यक्रमों में आधी से अधिक भीड़ महिलाओं की होती है, जो यह संकेत देता है कि महिला वोट बैंक मजबूती से एनडीए के साथ है।
जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने विपक्ष पर भी करारा हमला बोला। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे अपराध की राजनीति को बढ़ावा देते हैं। हाल ही में सिवान के सिसवन में लाली यादव की हत्या को उदाहरण के रूप में पेश करते हुए नीरज कुमार ने कहा कि राजद अपराध के सिंडिकेट का हिस्सा बन चुका है।
Bihar news | Bihar news 2025 | Bihar News Hindi | nda